13 वर्षीय बालिका से बदसलूकी का आरोप, घर में घुसकर छत पर ले गया युवक
13 वर्षीय बालिका से बदसलूकी का आरोप, घर में घुसकर छत पर ले गया युवक
श्रीडूंगरगढ़। क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका के साथ बदसलूकी का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि बालिका का पीछा करने वाला एक युवक जबरन उसके घर में घुस गया और उसे छत पर ले गया। बालिका के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़िता की मां ने श्रीडूंगरगढ़ थाने में शिकायत दर्ज करवाई है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, परिवादिया अपने परिवार के साथ खेत में बनी ढाणी में रहती है। उसकी 13 वर्षीय बेटी कक्षा 9 की परीक्षा दे रही है और इसी कारण गांव स्थित घर पर आई हुई थी।
परिवादिया ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे जब बालिका तैयार हो रही थी, तभी आरोपी कथित तौर पर जबरन घर में घुस गया। आरोप है कि वह गलत नीयत से बालिका को उठाकर छत पर ले गया और उसे छत से नीचे फेंकने की धमकी देते हुए जान से मारने की बात कही।
बालिका के शोर मचाने पर परिवादिया का भतीजा छत पर पहुंचा। इसी दौरान आरोपी छत से कूदकर फरार हो गया। बाद में बालिका ने अपनी मां को बताया कि आरोपी पहले भी आते-जाते उसका पीछा करता था और अश्लील इशारे करता था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ