दीपावली से पहले बीकानेर की बिगड़ी आबोहवा, AQI 275 पार
जयपुर। दिवाली से पहले ही राजस्थान में वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ने लगा है। शनिवार (7 नवंबर) सुबह खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 300 के पार पहुंच गया, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है। वहीं जयपुर, अलवर और बीकानेर सहित कई शहरों में AQI 200 से 300 के बीच दर्ज किया गया।
दिल्ली के कई इलाकों में भी हवा की गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में रही। प्रदूषण के कारण खासकर NCR से सटे इलाकों में लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दिवाली के दिन और उसके बाद प्रदूषण का स्तर और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
दिन में गर्मी, रात में बढ़ी ठंड
प्रदेश में दिन के तापमान में अभी भी हल्की गर्मी बनी हुई है। पश्चिमी राजस्थान के जिलों में अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। पिछले 24 घंटे में बाड़मेर सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
वहीं रात के तापमान में गिरावट आई है। माउंट आबू प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सीकर में न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री रहा।
अगले एक सप्ताह मौसम में बड़े बदलाव के आसार नहीं
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक आसमान साफ रहने और दिन में धूप निकलने की संभावना है। अगले तीन दिनों में तापमान में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। ऐसे में दिन में हल्की गर्मी और रात में ठंड का असर जारी रह सकता है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ