युवक को पुलिस की मुखबिर करना पड़ा भारी, अपहरण कर बेरहमी से पीट कर जान से मारने की दी धमकी
युवक को पुलिस की मुखबिर करना पड़ा भारी, अपहरण कर बेरहमी से पीट कर जान से मारने की दी धमकी
बीकानेर। गंगाशहर थाना क्षेत्र में एक युवक का अपहरण कर उसके साथ बेरहमी से मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने और सोने की चेन, नकदी व अन्य सामान लूट लेने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीडि़त की रिपोर्ट के आधार पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार सुजानदेसर स्थित गंगा रेजीडेंसी निवासी 27 वर्षीय यशवंत शर्मा उर्फ यशवंत वर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 19 अगस्त को वह गणेश धोरा स्थित गणेश मंदिर में दर्शन करने गया था। दोपहर करीब 2:45 बजे दर्शन कर जब वह अपनी मोटरसाइकिल से लौट रहा था, तभी चार-पांच युवकों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि आरोपियों ने उसे बाइक से नीचे गिराकर मारपीट शुरू कर दी और जबरन उठाकर रामदेव नगर स्थित गौचर भूमि की ओर ले गए।रिपोर्ट में यशवंत ने आरोप लगाया कि वहां पहले से मौजूद पांच-सात अन्य लोगों ने भी उसके साथ मारपीट की। इस दौरान आरोपियों ने कहा कि उसने पुलिस को सूचना देकर अभिषेक चौधरी को एमडी नशीले पदार्थ के मामले में गिरफ्तार करवाया था और इसी बात का बदला लेते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी गई। पीडि़त के अनुसार कुछ देर बाद अभिषेक चौधरी की मां माया देवी, उनकी दो बेटियां तथा प्रभुराम भी मौके पर पहुंचे। आरोप है कि माया देवी ने भी उसके साथ मारपीट की और अन्य लोगों को उसे जान से मारने के लिए उकसाया। वहीं दो युवतियों ने कपड़े फाडक़र झूठे दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने उसके गले से सोने की चेन, मोबाइल फोन, पर्स तथा पर्स में रखे करीब 20 हजार रुपये नकद, वाहन की आरसी, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित अन्य दस्तावेज छीन लिए। पीडि़त का आरोप है कि प्रभुराम के हाथ में मौजूद कुल्हाड़ी को माया देवी ने लेकर उसके कंधे पर वार किया। घटना के दौरान वहां एक वाहन आने पर आरोपी गौचर भूमि की ओर भागने लगे। पीडि़त के अनुसार वाहन में मौजूद पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर तीन लोगों को पकड़ लिया, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए।यशवंत ने अपनी रिपोर्ट में यह भी बताया कि पिछले तीन दिनों से अलग-अलग मोबाइल नंबरों से उसे लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं। उसका आरोप है कि आरोपी संगठित गिरोह बनाकर नशीले पदार्थों का कारोबार करते हैं और उसी रंजिश के चलते उस पर हमला किया गया।मामले में रामस्वरूप, मुलाराम, माया देवी, प्रभुराम, मनोज बिश्नोई, राकेश सोनी, राकेश जाट, रामा सिद्ध, मनोज पलाना, माया देवी की दो बेटियों सहित पांच-सात अन्य लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक अशोक कुमार को सौंप दी है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ