जम्मूतवी एक्सप्रेस में यात्री का लैपटॉप बैग चोरी करने वाले आरोपी को पकड़ा
जम्मूतवी एक्सप्रेस में यात्री का लैपटॉप बैग चोरी करने वाले आरोपी को पकड़ा
नोखा। नोखा में रेलवे पुलिस ने जम्मूतवी एक्सप्रेस में यात्री का लैपटॉप बैग चोरी करने वाले आरोपी को सीआईबी और जीआरपी की संयुक्त टीम ने करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर पकड़ लिया। इस मामले में खास बात यह रही कि आरोपी दोबारा उसी ट्रेन में सफर कर रहा था, जिसमें उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। टीम ने 18 अगस्त की रात लूणकरणसर-बीकानेर के बीच चलती ट्रेन से उसे दबोच लिया।
मामला जीआरपी थाना मेड़ता रोड में दर्ज एफआईआर संख्या 0096/2026 से जुड़ा है।
ट्रेन में यात्रा कर रही परिवादिया निकिता मीणा ने ट्रेन संख्या 14804 जम्मूतवी एक्सप्रेस में लैपटॉप बैग चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान विशेष टीम ने ट्रेन के अंदर के साथ-साथ नोखा, देशनोक, बीकानेर, सूरतगढ़, हनुमानगढ़, बठिंडा और फिरोजपुर सहित विभिन्न स्थानों के करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
फुटेज में सामने आया कि आरोपी दो अगस्त को फिरोजपुर कैंट से ट्रेन के ए-1 कोच में सीट नंबर 41 पर सवार हुआ था। नोखा स्टेशन पर ट्रेन के ठहराव के दौरान उसने ए-1 कोच की सीट नंबर 39 के नीचे रखा लैपटॉप बैग चोरी कर लिया। इसके बाद वह ट्रेन से उतरकर दूसरी ट्रेन से बीकानेर पहुंचा और थ्री-व्हीलर व बस के जरिए हनुमानगढ़ की ओर फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज की मैपिंग और मुखबिर तंत्र के आधार पर आरोपी की पहचान रामू पुत्र बब्बू, निवासी गुरुहरसहाय, जिला फिरोजपुर, पंजाब के रूप में हुई। टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही थी।
उसी ट्रेन में दोबारा मिला आरोपी
पुलिस की टीम को 18 अगस्त की रात सूचना मिली कि आरोपी दोबारा जम्मूतवी एक्सप्रेस में यात्रा कर रहा है। सूचना पर टीम ने लूणकरणसर-बीकानेर के बीच रात करीब ढाई बजे चलती ट्रेन में घेराबंदी कर उसे दस्तयाब कर लिया। पूर्व में मिले सीसीटीवी फुटेज से उसका हुलिया मिलान किया गया। पूछताछ में आरोपी ने नोखा स्टेशन पर लैपटॉप बैग चोरी करने की वारदात स्वीकार कर ली। अपराध प्रमाणित पाए जाने पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। चोरी हुए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी के लिए न्यायालय से पुलिस कस्टडी रिमांड भी प्राप्त किया गया है।
कार्रवाई में सीआईबी जोधपुर, आरपीएफ आउट पोस्ट नागौर और जीआरपी की टीम शामिल रही। अधिकारियों ने टीम की कार्यकुशलता की सराहना की।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ