सोलर कंपनी में कार्यरत युवक पर डेढ़ टन वजनी पाइप गिरा, इलाज के दौरान तोड़ा दम
सोलर कंपनी में कार्यरत युवक पर डेढ़ टन वजनी पाइप गिरा, इलाज के दौरान तोड़ा दम
पूगल/बीकानेर। पूगल तहसील के करणीसर भाटियान स्थित अवाडा सोलर कंपनी में कार्यरत श्रमिक ईशर सिंह की कार्यस्थल पर हुई दुर्घटना में मौत के बाद ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा एवं अन्य सुविधाएं दिलाने की मांग उठाई है। इसको लेकर ग्रामीणों ने पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी के सामने धरने पर बैठ गए है। इन मांगों को लेकर ग्रामीणों द्वारा केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल को ज्ञापन भेजकर हस्तक्षेप की मांग की गई है।
ज्ञापन में बताया गया कि करणीसर भाटियान स्थित अवाडा सोलर कंपनी में पिछले दो-तीन माह से कार्यरत ईशर सिंह पुत्र किशोर सिंह की 28 जून 2026 को कार्य के दौरान हादसे में गंभीर चोट लगने से मृत्यु हो गई। आरोप है कि करीब डेढ़ टन वजनी सोलर प्लेट का पाइप उनके ऊपर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए पीबीएम अस्पताल बीकानेर लाया गया, जहां से चिकित्सकों ने जयपुर रेफर कर दिया। जयपुर ले जाते समय सीकर के पास रास्ते में उनकी मौत हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि घटना की सूचना कंपनी द्वारा पूगल पुलिस थाने में दे दी गई थी। मृतक का शव पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखा हुआ है। उन्होंने कहा कि ईशर सिंह परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी और तीन नाबालिग बच्चे हैं, जिनके पालन-पोषण की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं पर थी।
ग्रामीणों ने अवाडा सोलर कंपनी से मृतक के परिजनों को पांच करोड़ रुपये का मुआवजा, परिवार के पांच सदस्यों को संविदा पर नौकरी, मृतक की पत्नी को 30 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय, तीनों बच्चों की शिक्षा का पूरा खर्च कंपनी द्वारा वहन करने तथा परिवार को आवास उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
ग्रामीणों ने केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल से मांग की है कि वे इस मामले में हस्तक्षेप कर कंपनी से मृतक के परिवार को उचित मुआवजा एवं सभी मांगों को पूरा करवाने की कार्रवाई करें, ताकि भविष्य में परिवार को आर्थिक और सामाजिक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ