युवक को सस्ता डीजल देने का झांसा देकर लाखों रुपए की ठगी की
बीकानेर। नयाशहर थाना क्षेत्र में सस्ता डीजल देने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 1 लाख रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। परिवादी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि आरोपी ने 20 रुपए प्रति लीटर सस्ता डीजल देने का भरोसा दिलाया था। इसके बाद पंप पर वाहन भेजकर 2000 लीटर डीजल भरवाया गया और 1 लाख रुपए स्कैनर के जरिए भेज दिए गए, लेकिन बाद में डीजल देने से इनकार कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार एमडीवी कॉलोनी निवासी 39 वर्षीय कुणाल जोशी ने नयाशहर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। परिवादी ने बताया कि उसे एक कॉल आया कि वह एक कंपनी में ठेकेदारी का काम करता है। कंपनी की ओर से उसे 10 हजार लीटर डीजल दिया गया है। जिसमें करीब 2 हजार लीटर डीजल शेष था। यह डीजल उसे दो दिन में पंप से उठाना है।
बातचीत में उसे बताया गया कि 2 हजार लीटर डीजल 20 रुपए प्रति लीटर सस्ता दिया जाएगा। परिवादी ने आरोपी की बात पर भरोसा करते हुए पंप पर गाड़ी भेज दी और उसमें 2000 लीटर डीजल भरवा लिया।
इसके बाद परिवादी ने 1 लाख रुपए स्कैनर के जरिए भेज दिए। आरोप है कि रुपए लेने के बाद उसे डीजल नहीं दिया गया और उसके साथ धोखाधड़ी की गई। परिवादी ने इस संबंध में नयाशहर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ