हाईवे पर ट्रेलर में लगी आग, जलकर हुआ राख, वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगने की आशंका
हाईवे पर ट्रेलर में लगी आग, जलकर हुआ राख, वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगने की आशंका
महाजन अरजनसर-पल्लू मेगा हाईवे पर सोमवार को सीमेंट से भरे एक ट्रेलर में अचानक भीषण आग लग गई। अरजनसर और रानीसर गांव के बीच हुई इस घटना में देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा ट्रेलर लपटों से घिर गया। आग इतनी भीषण थी कि ट्रेलर पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार, ट्रेलर की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर महाजन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई अनूप सिंह, हेड कांस्टेबल पृथ्वीराज और अजय सिंह सहित पुलिस टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने बीकानेर दमकल को भी सूचना दी, लेकिन दमकल के मौके पर पहुंचने तक ट्रेलर पूरी तरह जल चुका था। क्षेत्र में आगजनी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। लेकिन तहसील स्तर पर दमकल की स्थायी सुविधा नहीं होने से समय पर राहत पहुंचाना चुनौती बना हुआ है। आग लगने की स्थिति में बीकानेर या सूरतगढ़ से दमकल बुलानी पड़ती है। दोनों स्थानों से दूरी अधिक होने के कारण दमकल के पहुंचने में समय लगता है, जिससे कई बार आग पर काबू पाने से पहले ही भारी नुकसान हो जाता है। ऐसे में महाजन क्षेत्र में दमकल की स्थायी व्यवस्था करने की मांग एक बार फिर जोर पकडऩे लगी है। स्थानीय स्तर पर दमकल उपलब्ध होने से आगजनी की घटनाओं पर समय रहते काबू पाया जा सकता है और जान-माल के नुकसान को कम किया जा सकता है
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ