किसान फार्मर रजिस्ट्री के लिए 1 से 30 सितंबर तक लगेगा विशेष शिविर
खुलासा न्यूज,बीकानेर। भारत सरकार की एग्रीस्टैक योजना के तहत किसानों की फार्मर रजिस्ट्री एवं किसान आईडी बनाने के लिए बीकानेर तहसील की समस्त ग्राम पंचायतों में 1 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में बीकानेर तहसीलदार विवेक चौधरी द्वारा कार्यक्रम जारी कर तहसील के समस्त पटवारियों को ग्राम पंचायत मुख्यालय पर उपस्थित रहकर फार्मर रजिस्ट्री का कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
तहसीलदार बीकानेर ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक किसान की फार्मर आईडी (किसान आईडी) बनाया जाना आवश्यक है। फार्मर आईडी किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं कृषि संबंधी सेवाओं से जोडऩे की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण होने से उन्हें फसल बीमा, पशुधन बीमा, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी।
गिरदावरी के साथ-साथ फार्मर आईडी बनाने का कार्य
तहसीलदार चौधरी ने बताया कि विशेष अभियान के दौरान पटवारी ग्राम पंचायत मुख्यालय पर उपस्थित रहकर फसल गिरदावरी के कार्य के साथ फार्मर रजिस्ट्री एवं किसान आईडी बनाने का कार्य भी करेंगे। तहसील के समस्त गिरदावरों को शिविरों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए कार्य की प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अभियान के दौरान लंबित फार्मर रजिस्ट्री आवेदनों का निस्तारण, लंबित पीएम किसान लाभार्थियों की फार्मर रजिस्ट्री, जिन किसानों के रिकॉर्ड में मोबाइल नंबर अपडेट नहीं हैं उनका डोर-टू-डोर सर्वे कर शत-प्रतिशत पंजीयन तथा अनअलॉटेड डाटा बैंक में दर्ज किसानों का पंजीयन करवाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
किसानों एवं ई-मित्र संचालकों से सहयोग की अपील
तहसीलदार विवेक चौधरी ने सभी ग्रामवासियों एवं ई-मित्र संचालकों से अपील की है कि वे विशेष अभियान के दौरान अधिक से अधिक किसानों की फार्मर आईडी बनवाने में सहयोग करें। उन्होंने किसानों से भी निर्धारित अवधि में अपने ग्राम पंचायत मुख्यालय पर पहुंचकर फार्मर रजिस्ट्री का कार्य करवाने तथा आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कार्मिक की व्यक्तिगत जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी तथा नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ