बीकानेर कांग्रेस में फिर सियासी हलचल, दीपावली की एक तस्वीर ने बढ़ाई चर्चाएं
बीकानेर कांग्रेस में फिर सियासी हलचल, दीपावली की एक तस्वीर ने बढ़ाई चर्चाएं
बीकानेर। कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। पार्टी में गुटबाजी और आपसी खींचतान के बीच अब दीपावली की एक तस्वीर ने सियासी गलियारों में नई चर्चा शुरू कर दी है। यह तस्वीर कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता के सोशल मीडिया स्टेटस पर साझा की गई है, जिसमें कांग्रेस से निष्कासित पूर्व पार्षद दीपक अरोड़ा भी नजर आ रहे हैं। तस्वीर सामने आने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि आखिर बीकानेर कांग्रेस में चल क्या रहा है? एक तरफ पार्टी के जिलाध्यक्ष का विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा, वहीं दूसरी तरफ पार्टी से निष्कासित नेता की वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ मौजूदगी कई राजनीतिक संकेत दे रही है।
गौरतलब है कि पार्षद चुनाव के दौरान टिकट को लेकर विवाद इतना बढ़ गया था कि पूर्व पार्षद के पुत्र पर जिलाध्यक्ष के साथ मारपीट करने के आरोप लगे थे। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था। मामला उस समय काफी सुर्खियों में रहा और पार्टी की अंदरूनी राजनीति भी खुलकर सामने आ गई थी। इतनी गंभीर घटना और उसके बाद हुई पार्टी की कार्रवाई के बावजूद अब दीपावली की तस्वीर में दीपक अरोड़ा की मौजूदगी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या कांग्रेस के भीतर पुराने समीकरण फिर से बन रहे हैं या फिर यह महज दीपावली की एक सामान्य मुलाकात है। फिलहाल तस्वीर ने बीकानेर कांग्रेस की राजनीति को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ