बीकानेर में इस जगह बाइक सवार पर हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरा, मौत
बीकानेर में इस जगह बाइक सवार पर हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरा, मौत
बीकानेर। नोखा में बाइक सवार पर हाईटेंशन बिजली लाइन का तार टूटकर गिर गया। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से झुलस गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। तीन महीने पहले इसी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से बाइक सवार के ऊंट की भी मौत हो गई थी। घटना नोखा थाना क्षेत्र के रोड़ा गांव में गोविंद नगर स्कूल के पास शनिवार देर शाम की है। ग्रामीणों ने जोधपुर बिजली वितरण निगम (जेडीवीवीएनएल) पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जर्जर और नीचे झूल रही बिजली लाइन की कई बार शिकायत के बावजूद विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। मृतक की पहचान रोड़ा निवासी नकु सिंह (50) पुत्र रिडमल सिंह के रूप में हुई है।
शनिवार शाम को वो मजदूरी कर बाइक से अपनी ढाणी लौट रहे थे। गोविंद नगर स्कूल के पास अचानक हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर उन पर गिर गया, जिससे करंट लगने से उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, नकु सिंह सहित कई स्थानीय लोगों ने पहले भी बिजली विभाग के अधिकारियों से जर्जर और नीचे झूल रही लाइन के बारे में शिकायत की थी। उन्होंने हादसे की आशंका भी जताई थी, लेकिन इन शिकायतों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। ग्रामीणों का मानना है कि यदि समय रहते लाइन की मरम्मत हो जाती तो यह दुर्घटना टाली जा सकती थी।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ