12 से बीकानेर में सजेगा प्रदेश की बॉक्सिंग का महाकुंभ, 200 से अधिक मुक्केबाज दिखाएंगे दमखम
12 से बीकानेर में सजेगा प्रदेश की बॉक्सिंग का महाकुंभ, 200 से अधिक मुक्केबाज दिखाएंगे दमखम
बीकानेर। आयोजन सचिव राजेन्द्र सिंह राठौड़ ने बताया कि बीकानेर के खेल जगत में कल से एक नया अध्याय जुडऩे जा रहा है। पहली बार शहर में 42वीं राजस्थान राज्य स्तरीय सीनियर पुरुष बॉक्सिंग चैंपियनशिप का आयोजन 12 से 14 नवंबर तक डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में किया जाएगा। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता को लेकर खिलाडिय़ों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रतियोगिता में राजस्थान के विभिन्न जिलों से 200 से अधिक मुक्केबाज अपनी प्रतिभा और दमखम दिखाएंगे। प्रतियोगिता में शामिल होने वाली लगभग सभी टीमों के खिलाड़ी बीकानेर पहुंच चुके हैं।
प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह 12 नवंबर को सुबह 11:15 बजे आयोजित होगा। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन, पुलिस अधीक्षकमृदुल कच्छावा एवं नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलानीचामी उपस्थित रहेंगे। वहीं राजस्थान बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष श्री धीरेंद्र सिंह एवं सचिव डॉ. नरेंद्र कुमार निर्वाण, अन्तर्राष्ट्रीय ऑफिसियल विशाल कुमार निर्वाण भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।
इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर चुके मुक्केबाजों के साथ राष्ट्रीय पदक विजेता तथा खेलो इंडिया यूथ प्रतियोगिता एवं खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के पदक विजेता खिलाड़ी भी रिंग में उतरेंगे। अनुभवी और उभरते मुक्केबाजों के बीच होने वाले मुकाबले प्रतियोगिता को और रोमांचक बनाएंगे।
आयोजन सचिव राजेन्द्र सिंह राठौड़ ने बताया कि प्रतियोगिता की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राजस्थान के विभिन्न जिलों से खिलाडिय़ों और टीमों के बीकानेर पहुंचने का सिलसिला पूरा हो चुका है। तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में प्रदेश के बेहतरीन मुक्केबाजों के बीच कड़े मुकाबले देखने को मिलेंगे। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में विजेता रहने वाले मुक्केबाजों को आगामी 10वीं एलीट पुरुष राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026 में भाग लेने का अवसर मिलेगा, जिसका आयोजन 21 से 27 दिसंबर तक बिहार के पटना में होगा।
बीकानेर के लिए गौरव का अवसर, स्थानीय खिलाडिय़ों को मिलेगी प्रेरणा
बीकानेर में पहली बार इतने बड़े स्तर पर सीनियर पुरुष राज्य स्तरीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप आयोजित होने से स्थानीय खेल जगत में उत्साह का माहौल है। अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके खिलाडिय़ों को एक ही मंच पर मुकाबला करते देखना बीकानेर के उभरते मुक्केबाजों के लिए प्रेरणादायक होगा। यह आयोजन शहर में बॉक्सिंग खेल को नई पहचान देने और नई खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ