महिलाओं के बीच हुए विवाद ने मारपीट का रुप लिया, दोनों पक्षों ने आमने सामने करवाएं मामले दर्ज
महिलाओं के बीच हुए विवाद ने मारपीट का रुप लिया, दोनों पक्षों ने आमने सामने करवाएं मामले दर्ज
नोखा। नोखा थाना क्षेत्र के माडिया गांव में महिलाओं के बीच हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। मामले में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ शिकायतें दी गई हैं। एक पक्ष की महिला ने पड़ोसियों पर मारपीट कर सोने के गहने तोडऩे का आरोप लगाया है, जबकि दूसरे पक्ष की महिला ने चार लोगों पर रास्ता रोककर लाठियों से मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों मामलों में कार्रवाई शुरू कर दी है।
पहले मामले में माडिया निवासी निरमा विश्रोई ने रिपोर्ट देकर बताया कि 17 सितंबर को दोपहर करीब 3 से 3:15 बजे उसकी ननद अनुराधा घर से खेत में फसल देखने जा रही थी। आरोप है कि इसी दौरान निहाला नाम की महिला ने अनुराधा से कहासुनी करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। अनुराधा के चिल्लाने पर निरमा और उसकी दूसरी ननद अनिता मौके पर पहुंचीं।
निरमा का आरोप है कि वहां निहाला और दीपा, दोनों ओमप्रकाश की बेटियां, हाथों में पत्थर लेकर आईं। आरोप के अनुसार निहाला ने अनुराधा को पत्थर मारा, जबकि दीपा ने निरमा के साथ मारपीट की और उसकी उंगली को दांत से काट लिया। निरमा ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसके कान और नाक में पहने सोने के लूंग भी तोड़ दिए गए, जिससे उसकी नाक में चोट आई।वहीं दूसरे पक्ष से निहाला विश्रोई ने नोखा थाने में निरमा, अनिता, रामस्वरूप और अनुराधा विश्रोई के खिलाफ रिपोर्ट दी है। निहाला का आरोप है कि 17 सितंबर को दोपहर करीब 3:30 से 4 बजे के बीच वह अपने घर के पास खेत से बाहर जा रही थी। इसी दौरान आरोपियों ने कांटेदार झाडिय़ों से उसका रास्ता रोक लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।निहाला ने आरोप लगाया कि निरमा ने उसे पकडक़र जमीन पर गिरा दिया और पैर रखकर मारपीट की, जबकि अनुराधा और अनिता ने लाठियों से उसके सिर पर वार किए। रिपोर्ट के अनुसार रामस्वरूप ने अन्य आरोपियों से कथित रूप से कहा कि उसे तब तक न छोड़ें जब तक वह मर न जाए।निहाला के अनुसार उसने बचाव के लिए शोर मचाया तो उसकी मां दीपा मौके पर पहुंची। आरोप है कि रामस्वरूप ने दीपा के बाल पकडक़र उसे जमीन पर गिरा दिया और इसके बाद चारों आरोपियों ने उसकी मां के साथ भी मारपीट की। शोर सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर मां-बेटी को छुड़ाया।निहाला ने यह भी आरोप लगाया कि जाते समय आरोपियों ने दोनों को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने अपने पिता को फोन किया, जिन्होंने टैक्सी भेजी और निहाला व उसकी मां ने बागड़ी अस्पताल में इलाज करवाया।दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा घटनाक्रम, चोटों और लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ