राजस्थान की 80 तहसीलें सूखाग्रस्त घोषित, बीकानेर की यह तहसील भी सूची में शामिल
राजस्थान की 80 तहसीलें सूखाग्रस्त घोषित, बीकानेर की यह तहसील भी सूची में शामिल
बीकानेर। प्रदेश में बारिश की कमी और फसलों को हुए नुकसान के मद्देनजर राज्य सरकार ने 14 जिलों की 80 तहसीलों को गंभीर एवं मध्यम सूखाग्रस्त घोषित किया है। राज्य सरकार ने रविवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी की। बीकानेर जिले की हदां तहसील को भी सूखाग्रस्त घोषित किया गया है।
सरकार ने यह निर्णय बारिश की कमी, भूजल स्तर में गिरावट, सतही जल की उपलब्धता और फसलों को हुए नुकसान के आकलन के आधार पर लिया है। सूखे से प्रभावित क्षेत्रों में किसानों और पशुपालकों को राहत देने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
14 जिलों की 80 तहसीलें सूची में शामिल
सरकार की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, सूखाग्रस्त घोषित तहसीलों में जोधपुर जिले की 12, जालोर की 10, बाड़मेर की 10, बालोतरा की 9, पाली की 8, डूंगरपुर की 7, जैसलमेर की 7, फलोदी की 7, बांसवाड़ा की 3, ब्यावर की 2, चूरू की 2 तथा बीकानेर, नागौर और सिरोही जिले की एक-एक तहसील शामिल है।
बीकानेर जिले में हदां तहसील को इस सूची में शामिल किया गया है।
पशुओं के लिए खोले जाएंगे चारा डिपो
सूखाग्रस्त क्षेत्रों में पशुओं के लिए चारा डिपो खोलने और प्रभावित लोगों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। सरकार का उद्देश्य सूखे की स्थिति से प्रभावित किसानों और पशुपालकों को राहत पहुंचाना है।
छह महीने तक लागू रहेंगे प्रावधान
आपदा प्रबंधन एवं राहत विभाग की अधिसूचना के अनुसार, सूखाग्रस्त घोषित क्षेत्रों में संबंधित कानूनी प्रावधान अधिसूचना प्रकाशित होने की तारीख से आगामी छह महीने तक लागू रहेंगे। इस अवधि में प्रभावित क्षेत्रों की परिस्थितियों के अनुसार राहत संबंधी कदम उठाए जा सकेंगे।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ