500 नए खिलाडिय़ों ने पहली बार मैदान में दिखाई प्रतिभा, 'खेलो बीकानेर' बना उभरते खिलाडिय़ों का सबसे बड़ा मंच
खुलासा न्यूज,बीकानेर। नंदलाल जोशी चैरिटेबल फाउंडेशन की ओर से बीकानेर में खेल संस्कृति को नई पहचान देने और खिलाडिय़ों को बड़ा मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित 'खेलो बीकानेर प्रतियोगिता लगातार रोमांचक होती जा रही है। 18 खेलों की प्रतियोगिताएं 12 अलग-अलग मैदानों पर आयोजित की जा रही हैं, जहां चौथे दिन भी खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम संयोजक रविन्द्र हर्ष ने बताया कि आयोजन के चौथे दिन बास्केटबॉल, लॉन टेनिस, बैडमिंटन, योग, टेबल टेनिस और शतरंज सहित विभिन्न खेलों में सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक मुकाबलों का रोमांच बना रहा। मैदान खिलाडिय़ों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों की मौजूदगी से गुलजार रहे। बड़ी संख्या में लोग खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करने पहुंचे। नंदलाल जोशी चेरिटेबल फाउंडेशन के निदेशक अनिल जोशी ने बताया कि खेलो बीकानेर का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताएं कराना नहीं, बल्कि शहर की नई खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाना और उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि इस बार 500 से अधिक नए खिलाडिय़ों ने पहली बार प्रतियोगिता में भाग लेकर खेल जीवन की शुरुआत की, जबकि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाडिय़ों की भागीदारी ने आयोजन को और अधिक गरिमामय बना दिया। कई नए खिलाडिय़ों ने अपने पहले ही प्रयास में पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
उन्होंने कहा कि अनुभवी खिलाडिय़ों की मौजूदगी से युवा खिलाडिय़ों को सीखने और आगे बढऩे की प्रेरणा मिल रही है। यही कारण है कि खेलो बीकानेर अब केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि शहर में खेल संस्कृति को मजबूत करने का जनआंदोलन बनता जा रहा है।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाडिय़ों का उत्साह बढ़ाने के लिए देवकिशन चांडक, देवश्री, अनुज मोदी, राजेंद्र जोशी, रामकुमार पुरोहित, विनोद बाफना, सुमति कुमार सुराणा, नेहा तिवारी, राधेश्याम सेवग, मंगलचंद रंगा, सुधीश शर्मा, मानक व्यास, राजेंद्र सिंह, प्रमोद आचार्य, महेंद्र हर्ष सहित अनेक खेल प्रेमी उपस्थित रहे। संचालन ज्योति प्रकाश रँगा ने किया। कमेंटेटर के रूप में कपिल हर्ष मौजूद रहे।
शतरंज प्रतियोगिता में वरिष्ठ उप जिला शिक्षा अधिकारी एवं अंतरराष्ट्रीय रेटेड शतरंज खिलाड़ी अनिल बोड़ा ने खिलाडिय़ों का मार्गदर्शन करते हुए खेल भावना और अनुशासन का महत्व बताया। इस अवसर पर एन.डी. मॉडर्न स्कूल के व्यवस्थापक सुनील हर्ष, बुलाकी हर्ष, हर्षवर्धन और कपिल शिवम ने विजेता खिलाडिय़ों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता में विजेता खिलाडिय़ों को सम्मानित किया गया तथा बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों की सराहना की गई।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ