चुनाव हारने के 3 घंटे बाद उतरवा लीं 50 रोड लाइटें! प्रत्याशी को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी
चुनाव हारने के 3 घंटे बाद उतरवा लीं 50 रोड लाइटें! प्रत्याशी को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी
टोंक। पंचायत समिति सदस्य का चुनाव हारने के कुछ घंटे बाद ही करीब 50 रोड लाइटें उतारे जाने का मामला सामने आया है। मामला पीपलू पंचायत समिति के वार्ड-2 का है। ग्रामीणों का आरोप है कि दीपावली से पहले प्रत्याशी प्रियंका शर्मा ने गांवों और ढाणियों की कॉलोनियों में ये लाइटें लगवाई थीं। शुक्रवार को चुनाव परिणाम घोषित होने के करीब तीन घंटे बाद बिजली निगम की टीम पहुंची और लाइटें खोलकर ले गई। प्रियंका शर्मा निवाई विधायक रामसहाय वर्मा के निजी सहायक (PA) आलोक शर्मा की पत्नी हैं। वे पीपलू पंचायत समिति के वार्ड-2 से भाजपा प्रत्याशी थीं।
प्रचार के दौरान लगवाई थीं करीब 50 रोड लाइटें
वार्ड पंच कजोड़ प्रजापत के अनुसार, प्रियंका शर्मा ने चुनाव प्रचार के दौरान कॉलोनियों में अंधेरा देखकर 24 अक्टूबर को गांवों और ढाणियों में करीब 50 रोड लाइटें लगवाई थीं। ग्रामीणों का कहना है कि इन लाइटों से अंधेरे से राहत मिली थी और लोगों ने इस पहल की सराहना भी की थी। शुक्रवार को चुनाव परिणाम आया तो प्रियंका शर्मा 751 वोटों से चुनाव हार गईं। ग्रामीणों के अनुसार, परिणाम आने के करीब तीन घंटे बाद शाम को बिजली निगम पीपलू की गाड़ी मौके पर पहुंची और रोड लाइटें खोलकर ले गई।
बिजली निगम ने बताया अवैध, ग्रामीणों ने उठाए सवाल
लाइटें हटाने पर ग्रामीणों ने विरोध जताया। इस पर बिजली निगम पीपलू के AEN गोवर्धन चौधरी ने कहा कि निगम ने किसी के कहने पर लाइटें नहीं हटाई हैं। उनके अनुसार, ये लाइटें किसी अज्ञात व्यक्ति ने अवैध रूप से लगाई थीं। टीम को अगले दिन ये अवैध लाइटें नजर आईं, जिसके बाद उन्हें हटाया गया। AEN ने कहा कि चुनाव के समय अक्सर लोग इस तरह लाइटें लगा देते हैं, लेकिन ऐसा करना गलत है। वहीं, ग्रामीणों का सवाल है कि जब लाइटें लगाई जा रही थीं, तब बिजली विभाग ने कार्रवाई क्यों नहीं की? चुनाव परिणाम आने के कुछ घंटे बाद ही लाइटें हटाए जाने को लेकर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ