पुरानी रंजिश में पिकअप से 4 युवकों को कुचला, 8 नामजद पर केस, घर पर भी हमला
पुरानी रंजिश में पिकअप से 4 युवकों को कुचला, 8 नामजद पर केस, घर पर भी हमला
श्रीगंगानगर। चूनावढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव 27 जीजी में पुरानी रंजिश को लेकर एक परिवार पर हमला करने और पिकअप गाड़ी से चार लोगों को कुचलने के आरोप का मामला सामने आया है। घटना 15 सितंबर की बताई गई है। हरतेज सिंह की रिपोर्ट पर चूनावढ़ थाना पुलिस ने आठ नामजद लोगों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, करीब दो माह पहले गगड़ी पुत्र दलीप सिंह उर्फ काला ने परिवार के सदस्य बलतेज सिंह के साथ लाठी से मारपीट की थी। बाद में पंचायत के माध्यम से राजीनामा हो गया था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसके बाद आरोपी पक्ष परिवार से रंजिश रखने लगा।
शिकायत के मुताबिक, 15 सितंबर को गगड़ी, दलीप सिंह उर्फ काला, जरनैल सिंह, मिन्दो, काली, दरबारी, छिन्द्र कौर और गुरनाम कौर एक राय होकर हरतेज सिंह के घर पहुंचे और हमला कर दिया। आरोप है कि इसी दौरान गगड़ी ने बोलेरो पिकअप को पहले आगे चलाया और फिर अचानक पीछे कर दिया। इसकी चपेट में गुरबाज सिंह, गुरसेवक सिंह, गुरचरण सिंह उर्फ चन्ना और दीपक सिंह आ गए और चारों वाहन के नीचे दब गए। घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पिकअप को उठाकर चारों घायलों को बाहर निकाला। उन्हें पहले चूनावढ़ के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर श्रीगंगानगर रेफर कर दिया गया।
शिकायतकर्ता ने अपने साथ भी मारपीट कर सिर, पीठ और पैरों पर चोट पहुंचाने का आरोप लगाया है। रिपोर्ट में पिकअप के अंदर डंडे व अन्य सामान होने तथा बाद में कुछ सामान वहां से ले जाने का भी आरोप लगाया गया है। नामजद आरोपियों के घटना के बाद फरार होने की बात भी शिकायत में कही गई है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ