बड़ी खबर: जयपुर हाईवे पर 4 किमी बनेगा फोरलेन, 24 करोड़ से होगा सड़क का चौड़ीकरण
बड़ी खबर: जयपुर हाईवे पर 4 किमी बनेगा फोरलेन, 24 करोड़ से होगा सड़क का चौड़ीकरण
बीकानेर। नगर के प्रमुख और व्यस्त प्रवेश मार्गों में शामिल राष्ट्रीय राजमार्ग-11 के जयपुर हाईवे पर आने-जाने वाले वाहन चालकों और राहगीरों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। हल्दीराम प्याऊ से जयपुर बाइपास चौराहे तक करीब 3.975 किलोमीटर लंबे मार्ग को फोरलेन बनाया जाएगा। सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण पर 24 करोड़ 2 लाख 63 हजार 281 रुपए खर्च किए जाएंगे।
प्रस्तावित फोरलेन जयपुर बाइपास चौराहे के किमी 553.800 से हल्दीराम प्याऊ के किमी 557.775 तक बनाया जाएगा। मार्ग के बीच में 1.2 मीटर चौड़ा डिवाइडर बनाया जाएगा। दोनों दिशाओं में मुख्य आवागमन मार्ग की चौड़ाई 8.5-8.5 मीटर रखी जाएगी।
दुर्घटनाओं को देखते हुए लंबे समय से थी मांग
जयपुर हाईवे पर लगातार बढ़ते यातायात और सड़क हादसों को देखते हुए इस मार्ग को फोरलेन बनाने की मांग लंबे समय से उठती रही है। पुलिस और सड़क सुरक्षा से जुड़ी एजेंसियों की ओर से भी मार्ग के चौड़ीकरण को लेकर प्रस्ताव दिए गए थे।
वर्तमान में यह मार्ग दो लेन का है। भारी वाहनों, यात्री बसों और स्थानीय यातायात के दबाव के कारण कई बार जाम की स्थिति बनती है। वैष्णोधाम और खाटू श्याम मंदिर के आसपास के हिस्सों को दुर्घटना की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र बताया गया है।
दोनों तरफ 1.5 मीटर का शोल्डर
फोरलेन सड़क के दोनों बाहरी किनारों पर 1.5 मीटर चौड़े दानेदार शोल्डर का निर्माण किया जाएगा। इसका उपयोग आपात स्थिति में वाहनों को सुरक्षित रूप से खड़ा करने के लिए किया जा सकेगा।
परियोजना में रात के समय दृश्यता बढ़ाने के लिए करीब 4 किलोमीटर क्षेत्र में आधुनिक स्ट्रीट लाइट लगाने का भी प्रावधान बताया गया है। डिवाइडर और प्रकाश व्यवस्था से रात में यातायात को अधिक व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।
सड़क के दोनों ओर कई प्रमुख स्थल
जयपुर रोड शहर के व्यस्त मार्गों में शामिल है। सड़क के आसपास आवासीय कॉलोनियों के अलावा धार्मिक स्थल, वैष्णोधाम, खाटू श्याम मंदिर, मैरिज गार्डन, पेट्रोल पंप, अस्पताल, होटल-ढाबे और व्यापारिक प्रतिष्ठान हैं। इस मार्ग से जयपुर, सीकर, चूरू, रतनगढ़ और श्रीडूंगरगढ़ की ओर बड़ी संख्या में वाहन आवागमन करते है
चार साल के हादसों के आंकड़े
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार जयपुर हाईवे पर वर्ष 2023 में 9 हादसों में 12 लोग घायल और 4 लोगों की मौत हुई। वर्ष 2024 में 14 हादसों में 12 घायल और 7 लोगों की मौत हुई। वर्ष 2025 में 9 हादसों में 7 घायल और 4 लोगों की मौत हुई। वहीं वर्ष 2026 में अब तक 9 हादसों में 10 लोग घायल और 1 व्यक्ति की मौत हो चुकी है।
फोरलेन बनने के बाद इस मार्ग पर यातायात क्षमता बढ़ने के साथ वाहनों के आवागमन को अधिक व्यवस्थित करने का प्रयास होगा। विशेष रूप से शहर में जयपुर की दिशा से प्रवेश करने वाले वाहनों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ