15-20 लोगों ने भड़ला-3 पावर ग्रिड उपकेंद्र में हमला किया,दो सुरक्षा गार्ड घायल; मोबाइल और सामान छीनने का आरोप,
15-20 लोगों ने भड़ला-3 पावर ग्रिड उपकेंद्र में हमला किया,दो सुरक्षा गार्ड घायल; मोबाइल और सामान छीनने का आरोप
बज्जू । बज्जू थाना क्षेत्र के बीकमपुर स्थित केवी भड़ला-3 पावर ग्रिड उपकेंद्र में 15-20 लोगों ने घुसकर सुरक्षा कर्मियों से मारपीट की। घटना में दो सुरक्षा गार्ड घायल हो गए। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थानाधिकारी चंद्रजीतसिंह भाटी ने बताया कि पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के वरिष्ठ महाप्रबंधक सुरेंद्र कुमार ने बज्जू थाने में रिपोर्ट दी। रिपोर्ट के मुताबिक 9 नवंबर को शाम करीब 7:30 बजे बीकमपुर निवासी चेनाराम और जीवनराम ने उपकेंद्र पर तैनात सुरक्षा गार्डों से गाली-गलौज की।
आरोप है कि दोनों 15-20 साथियों के साथ दो वाहनों में उपकेंद्र पहुंचे। उन्होंने वाहनों से मुख्य प्रवेश द्वार को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त किया और परिसर में घुस गए।
लोहे की सरियों और पत्थरों से हमला
रिपोर्ट के अनुसार आरोपियों ने लोहे की सरियों और पत्थरों से सुरक्षा कर्मियों पर हमला किया। सुरक्षा गार्ड नरपतसिंह के सिर में गंभीर चोट लगी और वे बेहोश हो गए। गज्जेसिंह भी घायल हुए।
आरोपियों ने करीब 15-20 मिनट तक परिसर में तोडफ़ोड़ की और पावर ग्रिड की संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। रिपोर्ट में गज्जेसिंह और किचन स्टाफ के सवाई सिंह के मोबाइल फोन व अन्य सामान छीनने और जाते समय धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।
घायलों को पहले नोख, जिला फलौदी के अस्पताल ले जाया गया। वहां से गंभीर रूप से घायल गार्ड को फलोदी और फिर जोधपुर रेफर किया गया।
पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। जांच एएसआई झंवरलाल बिश्नोई को सौंपी गई है। पुलिस के मुताबिक, घायलों का मेडिकल मुआयना भी कराया जाएगा।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ