बीकानेर: शहर से लेकर हर गांव-कस्बे तक सुरक्षा के लिए तैनात होंगी महिला कांस्टेबल, ये है वजह
बीकानेर: शहर से लेकर हर गांव-कस्बे तक सुरक्षा के लिए तैनात होंगी महिला कांस्टेबल, ये है वजह
बीकानेर। बढ़ते अपराधों को रोकने और उन्हें तत्काल सहायता के लिए अब शहर से लेकर हर गांव-कस्बे तक महिला बीट कांस्टेबल तैनात की जाएंगी जो खास तौर पर ‘हॉट स्पॉट’ पर नजर रखेंगी। इसके लिए प्रदेश में महिला बीट अधिकारी योजना शुरू की गई है। राजस्थान में महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध बढ़ते अपराधों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस मुख्यालय ने एक बड़ा प्रशासनिक निर्णय लिया है। प्रदेश के सभी जिलों में महिला बीट अधिकारी (एमबीओ) योजना शुरू की है। शहर से लेकर गांव-कस्बों तक क्षेत्र का निर्धारण कर महिला कांस्टेबल की तैनात की जाएंगी।
ये एमबीओ अपने-अपने क्षेत्र में महिलाओं, बालिकाओं सहित आमजन के संपर्क में रहकर अपने सोर्स बनाएंगी और किसी भी तरह की आपराधिक वारदात होने पर थाना पुलिस की मदद करेंगी। खास तौर पर ‘हॉट स्पॉट’ जैसे गर्ल्स कॉलेज-स्कूल, गर्ल्स हॉस्टल, राजीविका, आंगनबाड़ी केन्द्र, महिला प्रशिक्षण संस्थान, आशा सहयोगिनी, रेलवे स्टेशन ऐसे सरकारी व निजी कार्यालय जहां महिलाओं की संख्या ज्यादा हों, महिलाओं की खरीदारी वाले बाजार व प्रमुख चौराहों पर निगरानी रखेंगी।
इन स्थानों पर अपने संपर्क सूत्र के जरिये किसी भी तरह का अपराध या घटना होने पर बदमाशों को पकड़ने और पीड़ित को सहायता दिलाने में मदद करेगी। एमबीओ का चयन कालिका पेट्रोलिंग या पुलिस थानों में तैनात महिला स्टॉफ से नहीं किया जाएगा। एसपी, एएसपी, सीओ ऑफिस, पुलिस लाइन में तैनात महिला कांस्टेबल को एमबीओ बनाया जाएगा।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ