बीकानेर केंद्रीय कारागार में बंदियों के बीच मारपीट, एक घायल, जेल प्रहरी की रिपोर्ट पर केस दर्ज
बीकानेर केंद्रीय कारागार में बंदियों के बीच मारपीट, एक घायल, जेल प्रहरी की रिपोर्ट पर केस दर्ज
बीकानेर। केंद्रीय कारागार में विचाराधीन बंदियों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। जेल परिसर में हुई इस झड़प में एक बंदी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और मामले की सूचना पुलिस को दी गई। जानकारी के अनुसार घटना शनिवार दोपहर करीब सवा 12 बजे की बताई जा रही है। इस संबंध में केंद्रीय कारागार में तैनात जेल प्रहरी जितेंद्र सुरोला ने बीछवाल थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। एफआईआर में विचाराधीन बंदी मनोज उर्फ कालिया को नामजद किया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी बंदी के खिलाफ पहले से दर्ज एक मामले की कोर्ट में सुनवाई चल रही है और वह उसी मामले में जेल में बंद है।
रिपोर्ट के मुताबिक जेल परिसर के भीतर किसी बात को लेकर बंदियों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि मनोज उर्फ कालिया ने दूसरे बंदी के साथ मारपीट कर उसे गंभीर चोट पहुंचाई। घटना के बाद घायल बंदी को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। वहीं बीछवाल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जेल प्रशासन से घटना से जुड़ी रिपोर्ट और अन्य जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि विवाद किस वजह से हुआ और घटना के समय वहां कौन-कौन मौजूद था। मामले में सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जाएगी। इस घटना के बाद केंद्रीय कारागार की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
Join for Latest News
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएँ