
रसोई गैस,पेट्रोल-डीजल की दरों में वृद्धि के खिलाफ महिला कांग्रेस का हल्ला बोल



खुलासा न्यूज,बीकानेर। पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की दरों में लगातार हो रही वृद्धि के खिलाफ लोगों का आक्रोश सामने आने लगा है। इसे लेकर राजनीतिक दलों से जुड़े संगठनों ने भी केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ हल्ला बोल दिया है। कांग्रेस के अग्रिम संगठन महिला कांग्रेस ने पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की दरों में लगातार वृद्धि के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन कर अपना विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने जिला कलक्टर कार्यालय के समक्ष प्रतीकात्मक रूप से गैस सिलेंडर और चूल्हे को जलाकर अपना विरोध जताया। जिलाध्यक्ष सुनीता गौड़ का कहना है कि नोटबंदी और लॉक डाउन के चलते पहले ही लोगों की आर्थिक स्थिति खराब हो चुकी है। बावजूद इसके केंद्र सरकार लोगों के रोजमर्रा की जरूरत वाली चीजों के लगातार दाम बढ़ाकर उनकी कमर तोडऩे का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि रसोई गैस के दाम बढऩे से रसोई का बजट बिगड़ता जा रहा है। हम मोदी सरकार से मांग करते है कि वे पेट्रो पदार्थों के बढ़े हुए दाम वापस लेकर आम लोगों को राहत दे। अगर ऐसा नहीं होता है तो फिर आने वाले समय में राजस्थान में केंद्र के मंत्रियों और भाजपा के सभी सांसदों का घेराव किया जाएगा।

