कलेक्ट्रेट में अचानक चूल्हा जलाकर महिलाएं बनाने लगी चाय

कलेक्ट्रेट में अचानक चूल्हा जलाकर महिलाएं बनाने लगी चाय

खुलासा न्यूज,बीकानेर। देश में पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के बढ़ते दामों के खिलाफ शुक्रवार को देहात महिला कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाहर जिला महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने चूल्हा लाकर उसमें कोयला,लकड़ी डालकर आग लगाई और भगोनी में दूध-पानी डालकर चाय चढ़ाई। महिला कांग्रेस की अध्यक्ष शशिकला राठौड़ ने बताया कि जिस तरह देश में रसोई गैस की कीमतें आसमान छू रही हैं। उससे अब सामान्य और गरीब परिवार के लिए रसोई में गैस पर भोजन पकाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल और गैस के दामों में लगातार बढ़ोतरी क र रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। बढ़ते दामों का सबसे ज्यादा प्रभाव खाद्य उपभोग की वस्तुओं पर आया है। मोदी सरकार ने पहले तो बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन अब उन वादों के उलट जनता पर जुल्म कर रहे हैं। प्रदर्शन करने वालों में राज भटनागर,हबीबा चौधरी,संतोष प्रजापत,आशा स्वामी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल रही।
इतिहास में पहली बार रसोई गैस की कीमतों में इतनी बढ़ोतरी
पूर्व पार्षद सींवरी चौधरी ने बताया कि किसी भी वस्तु की दरें बढ़ाने की भी एक लिमिट या नियम होता है। लेकिन यहां सरकार अपने खजाने को भरने के लिए पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कीमतों में बेहताशा बढ़ोतरी कर रही है। आजाद भारत के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ होगा। जब एक महीने के अंदर ही रसोई गैस के दामों में तीन बार (125) रुपए तक बढ़ाकर जनता पर इतना बोझ डाला होगा। ऊपर से आमजन को जो थोड़ी बहुत सब्सिडी सरकार देती थी, उसे भी बिना घोषणा के बंद कर दिया।

Join Whatsapp
खबरें और विज्ञापन के लिए इस नंबर पर व्हाट्सएप करें- 76659 80000 |खबरें और विज्ञापन के लिए इस नंबर पर व्हाट्सएप करें- 76659 80000 |