बीकानेर: ट्रैक्टर ट्रॉलियों के पहिये ठप्प, लगी कचरे की ढेरियां - Khulasa Online बीकानेर: ट्रैक्टर ट्रॉलियों के पहिये ठप्प, लगी कचरे की ढेरियां - Khulasa Online

बीकानेर: ट्रैक्टर ट्रॉलियों के पहिये ठप्प, लगी कचरे की ढेरियां

बीकानेर. शहर में ट्रैक्टर ट्रॉलियों से कचरा परिवहन की व्यवस्था पटरी से उतर गई है। दर नहीं बढ़ाने पर संबंधित संवेदक फर्म ने सड़कों से कचरे के परिवहन कार्य को बंद कर दिया है। ट्रैक्टर ट्रॉलियों के माध्यम से कचरा परिवहन नहीं होने पर मंगलवार को गली-मोहल्लों से मुख्य मार्गों तक जगह-जगह कचरे की ढेरियां नजर आई। दिन भर सड़कों पर कचरा व गंदगी फैली रही। बेसहारा पशु कचरे पर मंडराते रहे। हालांकि घर-घर कचरा संग्रहण की ऑटो टिप्पर से कचरा परिवहन की बात कही जा रही है, लेकिन कचरे व गंदगी से लोग परेशान होते रहे। संबंधित फर्म के सुगनाराम ने बताया कि निगम प्रशासन से बार-बार कचरा परिवहन की दर को बढ़ाने के लिए पत्राचार किया गया। निगम अधिकारियों ने कोई गौर ही नहीं किया। निविदा की पुरानी दर अनुसार कचरा परिवहन कार्य अब संभव नहीं हो रहा है। इस कार्य में जुटे श्रमिक भी वेतन बढ़ाने की मांग कर रहे है। डीजल की दरों में भी काफी इजाफा हो चुका है। पुरानी दर पर कचरा परिवहन संभव नहीं हो पा रहा है। सुगनाराम के अनुसार दर नहीं बढ़ाने पर कार्य संभव नहीं होगा। निगम प्रशासन ट्रैक्टर ट्रॉलियों से कचरा परिवहन की टेंडर प्रक्रिया को पूर्ण नहीं कर पा रहा है। बार-बार ट्रैक्टर ट्रॉली से कचरा परिवहन की निविदा निरस्त हो रही है। निगम की ओर से जिस फर्म को दिसंबर 2020 में कचरा परिवहन का कार्य सौंपा गया था वह फर्म अब तक कार्य कर रही है। कई बार इस फर्म के कार्य करने की अवधि को बढ़ाया जा चुका है। निगम पुरानी दर पर ही इस फर्म से कार्य करवाना चाह रही है, जबकि फर्म दर बढ़ाने की मांग पर अड़ी हुई है।

error: Content is protected !!
Join Whatsapp 26