
दोनों टांगें काटकर युवक की हत्या,पहले जमकर पीटा, फिर बेरहमी से काट दिए पैर






जोधपुर। जोधपुर के सूरसागर क्षेत्र में शनिवार को एक युवक का शव मिला। युवक का बड़ी बेरहमी के साथ कत्ल किया गया था। उसकी दोनों टांगों को काट दिया गया था। हालात की गंभीरता को देखते डीसीपी दिगन्त कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सूरसागर के चौपड़ क्षेत्र में सुनसान स्थान पर एक शव पड़ा होने की सूचना किसी ने पुलिस को दी। इस पर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। शव को देख ऐसा लग रहा है कि घटना स्थल पर पहले कोई मारपीट हुई होगी। युवक ने खुद के बचाव का भरसक प्रयास किया होगा, लेकिन नाकाम रहा। उसे बहुत बुरी तरह से मारा गया। उसकी दोनों टांगों को काट दिया गया। एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। बाद में मृतक की पहचान आगोलाई निवासी संतु उर्फ संतो, के रूप में हुई। पुलिस फिलहाल संतु के बारे में जानकारी जुटा रही है। संतु के दोस्तों और उसकी जीवन शैली के बारे में पता लगाकर पुलिस हत्यारों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।


