सरकार ने कोरोना की तीसरी लहर का असर कम करने का उपाय बताया - Khulasa Online सरकार ने कोरोना की तीसरी लहर का असर कम करने का उपाय बताया - Khulasa Online

सरकार ने कोरोना की तीसरी लहर का असर कम करने का उपाय बताया

देश में कोरोना की दूसरी लहर के बीच इसकी तीसरी लहर आने की भी बात होने लगी है। यह बात केंद्र सरकार की ओर से ही आई है। हालांकि, सरकार भी इस पर एक राय नहीं बना पा रही है। दो दिन पहले तीसरी लहर की चेतावनी देने वाले प्रिंसिपल साइंटिफिक एडवाइजर विजय राघवन शुक्रवार को फिर मीडिया के सामने आए। उन्होंने कहा कि यदि हम मजबूत उपाय करते हैं, तो हो सकता है कि कोरोना की तीसरी लहर सभी जगहों पर न आए या कहीं न आए।

राघवन ने कहा कि यह बहुत कुछ इस बात पर निर्भर करता है कि लोकल लेवल पर, राज्यों में, जिलों में और शहरों में गाइडलाइंस कितने प्रभावी ढंग से लागू होती हैं। हालांकि, विजयन ने अपनी ओर से कोई उपाय नहीं बताए। उन्होंने सिर्फ गाइडलाइंस की बात कही।

राघवन ने बुधवार को कहा था कि कोरोना की तीसरी लहर भी जरूर आएगी। वायरस का संक्रमण अपने सबसे ऊंचे लेवल पर है। अभी यह तय नहीं है कि तीसरी लहर कब आएगी और कितनी खतरनाक होगी, लेकिन हमें नई लहर के लिए तैयार रहना होगा।

गृह मंत्रालय ने कुछ दिन पहले जारी की थी नई गाइडलाइंस
कोरोना के मामले तेजी से बढ़ने के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कुछ दिन पहले ही राज्यों के लिए नई गाइडलाइंस जारी की है। इसमें कहा गया था कि अब राज्य सरकारों को सख्ती बरतनी होगी। एडवाइजरी के मुताबिक, किसी इलाके का पॉजिटिविटी रेट लगातार एक सप्ताह तक 10% आता है या कहीं अस्पतालों में 60% बेड भर जाते हैं तो वहां 14 दिन की सख्त पाबंदियां लगाएं। राज्यों को जिलों में छोटे-छोटे कंटेनमेंट जोन बनाने की सलाह दी गई है। साथ ही एंटीजन टेस्ट बढ़ाने पर जोर दिया गया है।

9 राज्यों में बढ़ रहे केस
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, हरियाणा, उड़ीसा और उत्तराखंड में कोरोना के नए मामले बढ़ रहे हैं। देश में 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 15% से ज्यादा पॉजिटिविटी रेट है। 9 राज्यों में 5 से 15% और 3 राज्यों में 5% से कम पॉजिटिविटी रेट है। 12 राज्यों में 1 लाख से ज्यादा एक्टिव केस हैं। देश में 16.96% एक्टिव केस हैं। लगभग 82% रिकवर हो चुके हैं। डेथ रेट महज 1.09% है।

कनार्टक में सोमवार से दो हफ्ते का लॉकडाउन
कर्नाटक में सरकार ने 2 हफ्ते के लॉकडाउन की घोषणा की है। सोमवार से इसकी शुरुआत हो जाएगी। मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने शुक्रवार को कहा कि लॉकडाउन में सुबह 10 बजे के बाद किसी को बाहर निकलने की इजाजत नहीं दी जाएगी। मैंने पुलिस अधिकारियों से कहा है कि नियम तोड़ने वालों पर वे सख्त कार्रवाई करें। कोरोना से मरने वालों की संख्या और नए केस में तेज बढ़ोतरी को देखते हुए हमने यह फैसला किया है।

दिल्ली में लगातार कम हो रहे केस
दिल्ली में शुक्रवार को 19,832 नए केस सामने आए हैं। पिछले 5 दिन में यह चौथा मौका है, जब दिल्ली में 20 हजार से कम केस आए हैं। बीते 24 घंटे में यहां 19,085 मरीज रिकवर हुए। 341 की मौत हो गई। अब यहां करीब 13 लाख केस हो चुके हैं। इनमें 91 हजार एक्टिव हैं।

देश में बीते 24 घंटे में 4.14 लाख मरीज मिले
देश में कोरोना के नए केस ने फिर नया रिकॉर्ड बना दिया है। बीते 24 घंटे में 4.14 लाख संक्रमितों की पहचान हुई। नए केस का यह अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। 3,920 मरीजों ने इस महामारी से जान गंवाई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि 3.28 लाख मरीज ठीक भी हो गए। बीते सात दिन में यह तीसरा मौका है जब 4 लाख से ज्यादा मरीज मिले। इससे पहले 30 अप्रैल को 4.02 लाख और 5 मई को 4.12 लाख मरीज कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे।

एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या भी चिंता बढ़ा रही है। इसमें बीते 24 घंटे में 81,663 की बढ़ोतरी हुई है। अभी 36.44 लाख संक्रमितों का इलाज चल रहा है। बीते 7 दिन के अंदर ही इसमें 3.80 लाख की बढ़ोतरी हुई है। कुल एक्टिव केसों में 27 लाख सिर्फ 10 राज्यों के हैं।

error: Content is protected !!
Join Whatsapp 26