
इन्फ्लुएंसर सपना बोलीं-क्रिकेटर शॉ ने गलत तरीके से छुआ:वसूली के आरोपों पर कहा- 50 हजार क्या हैं, 2 रील बनाकर कमा लूंगी






क्रिकेटर पृथ्वी शॉ से मारपीट और जबरन वसूली के केस में गिरफ्तार सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सपना गिल को सोमवार को जमानत मिल गई। जमानत मिलते ही सपना ने पृथ्वी और उनके दोस्त के खिलाफ मुंबई पुलिस में केस दर्ज कराया है। हथियारों से हमला करने, आपराधिक साजिश रचने के आरोप लगाए। सपना ने कहा कि घटना के दौरान जब वो अपने दोस्त को बचाने गईं तो पृथ्वी शॉ ने उन्हें गलत तरह से छुआ।
15 फरवरी को मुंबई के होटल सहारा स्टार के बाहर सपना गिल और पृथ्वी शॉ के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद पृथ्वी शॉ के दोस्त आशीष यादव की शिकायत पर सपना और उनके 3 दोस्तों को 17 फरवरी को गिरफ्तार किया गया था।
आशीष ने सपना पर 50 हजार रुपए की वसूली के लिए धमकाने का आरोप भी लगाया था। सपना और उनके साथियों को मुंबई मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट की कोर्ट ने 20 फरवरी को जमानत दे दी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बेल मिलने के बाद सपना ने कहा- 50 हजार होते क्या हैं, एक दिन में 2 रील बनाकर मैं इतना कमा लूंगी।
जमानत के बाद सपना ने शॉ पर 3 आरोप लगाए

1. मेरे साथी को मार रहे थे शॉ और उनका दोस्त
जमानत के बाद सपना ने कहा, “शॉ और उसका दोस्त जिस तरह मेरे साथी को मार रहे थे, उसे देखकर मैं वहां पहुंची थी। मैंने उनसे भीख मांगी की दोस्त को मत मारो।”
2. मेरे सामने गिड़गिड़ाने लगे थे पृथ्वी शॉ
सपना गिल ने कहा, “घटना के दौरान पृथ्वी शॉ ने मुझे गलत तरह से छुआ था। जब हम लोगों ने कहा कि केस दर्ज करेंगे तो पृथ्वी शॉ गिड़गिड़ाने लगे थे। कहने लगे कि कोई शिकायत मत करना। इसके बाद हमने तब केस दर्ज नहीं कराया था।”
3. 50 हजार वसूली का आरोप गलत
सपना ने कहा, “उन लोगों ने मुझ पर 50 हजार रुपए की वसूली का आरोप लगाया है। आजकल 50 हजार हैं क्या? मैं दो रील बनाऊंगी और इतना एक दिन में कमा लूंगी। आरोपों का भी कोई स्तर होता है।”
पृथ्वी शॉ के दोस्त का आरोप- कार पर बेसबॉल बैट मारा, हमले के लिए पीछा किया

पृथ्वी शॉ के दोस्त आशीष यादव ने कहा था कि 15 फरवरी को सहारा स्टार के कैफे में वो और पृथ्वी शॉ डिनर कर रहे थे। गिल और उसके दोस्त सेल्फी लेने के लिए आए। पहले शॉ मान गए और फिर बाद में उन्होंने मना कर दिया। इसके बाद विवाद शुरू हो गया।
आशीष ने शिकायत में कहा है कि डिनर के बाद एक व्यक्ति ने उनकी कार की विंड शील्ड पर बेसबॉल बैट मारा। इसके बाद कुछ लोग मोटरसाइकिल पर कार का पीछा करते भी नजर आए। उन्होंने कार को रोका और सपना गिल ने झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। उसने पृथ्वी शॉ से 50 हजार रुपयों की डिमांड भी की।
इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हुआ। इसमें शॉ एक लड़की से बेसबॉल बैट छीनते नजर आ रहे हैं। उस लड़की का साथी शॉ का वीडियो बनाता दिखाई दिया था। वीडियो में लड़की, उसका साथी, पृथ्वी शॉ और कुछ पुलिस वाले नजर आ रहे हैं। शॉ किसी से फोन पर बात करते दिखाई दिए थे।
विवाद के बाद ओशिवारा पुलिस मौके पर पहुंची थी और दोनों पक्षों को समझाया था। इसके बाद शॉ के दोस्त ने सपना और उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज कराया था।


