
लिव इन रिलेशनशिप में रह रही महिला से रेप, किराए का मकान दिखाने के लिए खाली मकान में ले गया आरोपी






खुलासा न्यूज। श्रीगंगानगर जिले के श्रीबिजयनगर में लिव इन रिलेशनशिप में रह रही एक महिला से रेप का मामला सामने आया है। महिला पंजाब की रहने वाली है और पिछले दो साल से यहां एक व्यक्ति के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रही थी। आरोपी दूध बेचने का काम करता है और महिला के घर दूध देने आता था। किराए का मकान दिखाने के बहाने वह महिला को खाली मकान में ले गया और वहां उसके साथ रेप किया। महिला ने शनिवार देर रात श्रीबिजयनगर थाने पहुंचकर मामले की जानकारी दी। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। एसएचओ रामचंद्र कस्वां मामले की जांच कर रहे हैं।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में महिला ने बताया कि वह श्रीबिजयनगर में एक व्यक्ति के साथ पिछले दो साल से लिव इन रिलेशनशिप में किराए के मकान में रह रही है। उसे अब किराए का नया मकान चाहिए था। उसने दो-तीन दिन पहले अपने घर दूध देने के लिए आने वाले व्यक्ति को इस बारे में बताया। जिसने उसे बताया कि वह उसे एक दो दिन में नए किराए के मकान की व्यवस्था करवा देगा। शनिवार दोपहर महिला के पास उस व्यक्ति का फोन आया। इसमें उसने उसे कस्बे में ही अन्य मकान दिखाने की बात कही। आरोपी ने उसे कस्बे के एक इलाके में बुलाया। वहां आरोपी मोटरसाइकिल लेकर आया और उसे किराए का नया मकान दिखाने के लिए ले गया। आरोपी उसे खाली मकान के ऊपर की मंजिल पर कमरा दिखाने के लिए ले गया और वहां महिला से रेप किया। पुलिस ने महिला से मिली जानकारी के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
