व्यापारी और व्यापार मंडल के अध्यक्ष आपस में भिड़े - Khulasa Online व्यापारी और व्यापार मंडल के अध्यक्ष आपस में भिड़े - Khulasa Online

व्यापारी और व्यापार मंडल के अध्यक्ष आपस में भिड़े

श्रीगंगानगर । जिले के रायसिंह नगर में कृषि उपज मंडी समिति यार्ड में बुधवार सुबह एक व्यापारी और व्यापार मंडल अध्यक्ष में नीलामी शुरू करवाने को लेकर तकरार हो गई। व्यापारियों के इस विवाद के चलते जिंसों की नीलामी करीब दो घंटे देरी से शुरू हुई। बाद में मंडी समिति सचिव दीपेंद्र शर्मा के समझाने पर बोली फिर से शुरू की गई।
सुबह शुरू हुई नीलामी
जानकारी अनुसार, बुधवार को जिंसों की नीलामी सुबह करीब 11 बजे दुकान नंबर 81 संजय ट्रेडिंग कंपनी से शुरू होनी थी। बोली शुरू करने के समय खरीददार और व्यापारियों की संख्या कम होने से संजय ट्रेडिंग कंपनी के व्यापारी ने अन्य व्यापारियों के आने का इंतजार करने तक बोली शुरू नहीं करने के लिए कहा। इस पर व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमित सिंघल और मौके पर मौजूद खरीददार व्यापारियों ने बोली सही समय पर शुरू करवाने के लिए कहा। खरीददार अधिक नहीं होने से व्यापारी ने इस बात का एतराज किया कि किसानों को उनकी जिंसों का पूरा भाव नहीं मिल पाएगा।
बोली के दौरान तनातनी
बोली शुरू करने के दौरान तनातनी तू-तू मैं-मैं में बदल गई। जानकारी मिलने के साथ ही किसान और व्यापारी भी मौके पर जमा हो गए। मंडी समिति सचिव दीपेंद्र शर्मा मंडी समिति कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। जहां शर्मा ने दोनों पक्षों को समझाया। करीब दो घंटे देरी के बाद संजय ट्रेडिंग कंपनी पर जिंसों की नीलामी करवा कर बोली शुरू की गई।

error: Content is protected !!
Join Whatsapp 26