घर-घर पहुंच रहे पुलिस जवान, जुटा रहे डाटा - Khulasa Online घर-घर पहुंच रहे पुलिस जवान, जुटा रहे डाटा - Khulasa Online

घर-घर पहुंच रहे पुलिस जवान, जुटा रहे डाटा

बीकानेर. कानून-व्यवस्था के साथ-साथ अपराध नियंत्रण की जिम्मेदारी निभा रहे पुलिस कर्मियों पर पुलिस मुख्यालय ने एक और महत्त्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंप दी है। पुलिसकर्मी इन दिनों घर-घर जाकर सदस्यों की जानकारी के साथ-साथ वाहनों का सत्यापन कर रहे हैं। सत्यापन के दौरान मोबाइल एप की मदद से वाहन की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। इतना ही नहीं सत्यापन के समय वाहन संदिग्ध पाया जाता है,तो संंबंधित पर कार्रवाई भी की जा रही है। सर्वे में पुलिस मुख्यालय की ओर से विशेष तौर से 11 बिन्दुओं को शामिल किया है।
दस दिन से चल रहा डोर-टू-डोर अभियान
जिले में पिछले दस दिन से पुलिस का डोर-टू-डोर अभियान चल रहा है। जिले के महिला व यातायात समेत 27 थाने हैं। इनमें से 25 थानों के 892 बीट कांस्टेबल अपने-अपने बीट क्षेत्र में घर-घर पहुंच कर सर्वे कर रहे हैं। बीट कांस्टेबल घर पर मौजूद वाहनों की जानकारी राजकॉप मोबाइल एप पर उपलब्ध वाहन के डाटा से मिलान कर रहे हैं। इसमें वाहन का इंजन व चेसिस नंबर डालकर जांच की जा रही है।
अब तक इतने वाहनों का सत्यापन
जिले के 25 थानों के 892 बीट कांस्टेबल 971 मोटरसाइकिल, 244 कार, 60 जीप, 42 बस, 112 माल वाहन वाहन, 67 ट्रेक्टर व 40 अन्य वाहनों का सत्यापन कर चुके हैं। कुल 1536 वाहनों के सत्यापन के दौरान नोखा में एक संदिग्ध वाहन मिलने पर सीज किया गया है। सत्यापन का कार्य आगामी छह माह तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
सर्वे के बिन्दु
मकान मालिक का नाम, पिता का नाम- घर का पता- घरों में सदस्यों की संख्या- जाति- व्यवसाय व शैक्षणिक योग्यता- वाहनों का प्रकार व कंपनी का नाम- वाहन मालिक व चालक का नाम- रजिस्ट्रेशन नंबर- चैसिस/इंजन नंबर- किराएदार/नौकर का नाम पता व मोबाइल नंबर- दूरभाष/मोबाइल नंबर।
पौने पांच सौ घरों का सर्वे
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बीट कांस्टेबल घर-घर सर्वे कर 11 बिन्दुओं पर जानकारी जुटा रहे हैं। सर्वे में वाहनों का सत्यापन कर रहे हैं। अब तक पौने पांच सौ घरों का सर्वे किया जा चुका हैं। सर्वे का पूर्ण रिकॉर्ड संधारित किया जा रहा है। –
नवनीत सिंह धारीवाल, एसएचओ कोतवाली
बीट कांस्टेबल की जिम्मेदारी बढ़ी
मेरी बीट-मेरी जिम्मेदारी के तहत बीट कांस्टेबलों को महत्त्वपूर्ण काम दिया गया है। बीट कांस्टेबल घर के सर्वे के दौरान हर प्रकार की जानकारी हासिल कर रहे हैं। इससे यह फायदा है कि कौन व्यक्ति किस तरह का है और उसका आचरण, व्यवहार, धंधा व दोस्त कैसे हैं। इसका अंदाजा लग रहा है। पुलिस आमजन से सीधा संवाद कर रही है। इससे अपराधों पर अंकुश लगेगा।
– योगेश यादव, पुलिस अधीक्षक

error: Content is protected !!
Join Whatsapp 26