
पायलट पहले ये बताएं कि 35 दिन मानेसर में क्या कर रहे थे?






राजस्थान में गहलोत-पायलट गुट में खींचतान बढ़ती जा रही है। सीएम अशोक गहलोत के बयान के बाद हेल्थ मिनिस्टर परसादी लाल मीणा ने शनिवार को फिर पायलट पर हमला बोला। कहा- पायलट पहले ये बताएं कि 35 दिन मानेसर में क्या कर रहे थे? यदि हमारे साथ 102 विधायक नहीं होते तो सरकार 2 साल पहले ही विदा हो चुकी होती।
दिसंबर में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान में एंट्री करेगी। यह यात्रा लालसोट विधानसभा क्षेत्र से होकर भी गुजरेगी। इसी को लेकर हेल्थ मिनिस्टर लालसोट विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर थे।
उन्होंने पायलट पर निशाना साधते हुए कहा कि अशोक गहलोत ने जो कहा है वह ठीक कहा है, सोच समझकर ही कहा है। गहलोत के पास कुछ जानकारी है, इसलिए बड़ी बात कही है। उस समय 102 विधायक नहीं रहते तो सरकार नहीं बचती, 2 साल पहले ही विदा हो जाती। जैसा एमपी, कर्नाटक और महाराष्ट्र में हुआ वैसे ही हमारी सरकार भी विदा हो जाती। जिन 102 विधायकों ने हमारी सरकार बचाई, निश्चित रूप से आज हम उनकी वजह से ही राज कर रहे हैं। उन्हीं की वजह से मंत्री और सीएम हैं। 102 विधायकों के कारण ही हम आज विकास के काम कर पा रहे हैं।


