उदयपुर में तालिबानी मर्डर का पाक कनेक्शन:रियाज जब्बार और गौस मोहम्मद नेपाल के रास्ते कराची गए, मौलाना से ट्रेनिंग ली
प्रदेश के गृह राज्यमंत्री राजेंद्र सिंह यादव ने भी इस मामले काे लेकर खुलासा किया है कि दोनों पाकिस्तान और अरब देशों के लोगों से कॉन्टैक्ट में थे। इनके मोबाइल में पाकिस्तान और अरब देशों के नंबर मिले हैं। रियाज और गौस की पाकिस्तान के नंबरों पर खूब बातचीत होती थी। राज्यमंत्री ने इनके कराची में ट्रेनिंग का भी दावा किया है। बताया गया कि 2014-15 में करीब 15 दिन की ट्रेनिंग ली थी। पाकिस्तान के आका के बुलावे पर दोनों वहां गए थे।
फैला रहे थे नफरत की आग
मंगलवार को उदयपुर में हुए कन्हैलाल की हत्या के बाद राजस्थान पुलिस के साथ ही खुफिया एजेंसियों में खलबली मच गई थी। जिस अंदाज में कन्हैयालाल को मारा गया, वह तालिबानी तरीका था। इसके बाद सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर आरोपियों ने अपने मंसूबे साफ कर दिए।
NIA की जांच में गौस और रियाज के पाकिस्तानी कनेक्शन के पुख्ता सबूत मिले हैं। इन दोनों ने कराची से लौटने के बाद उदयपुर में युवाओं को भड़काना शुरू कर दिया था। उनके मन में नफरत की आग को भड़का रहे थे। यह भी जानकारी सामने आई है कि दोनों दावत-ए-इस्लाम नाम के पाकिस्तानी संगठन से जुड़े हैं।
कारीगर से पूछताछ
NIA टीम ने उदयपुर में कन्हैयालाल के कारीगर राजकुमार से भी पूछताछ की। उनके घर और दुकान पर भी टीम गई और पूछताछ की है।
कर रहे थे ब्रेन वॉश
पाकिस्तान में कराची के एक मौलाना के संपर्क में रियाज था। यह भी आशंका जताई जा रही है कि कन्हैयालाल का मर्डर पूरी तरह से प्री-प्लान्ड था। दोनों मिलकर दहशत फैलाना चाहते थे। कराची से लौटने के बाद रियाज और गौस मौहम्मद ने वॉट्सएप ग्रुप बनाए थे। ग्रुप के जरिए ही रियाज भड़काऊ वीडियो भेज कर ब्रेन वॉश कर रहा था। दोनों ने मिलकर उदयपुर और आसपास के इलाकों में कट्टर समर्थक तैयार कर रहे थे। बड़ी संख्या में इन लोगों ने युवाओं को जोड़ा भी था।