शिक्षाविद डॉक्टर आनंद सिंह बीठू की प्रथम पुण्य स्मृति पर व्याख्यानमाला - Khulasa Online शिक्षाविद डॉक्टर आनंद सिंह बीठू की प्रथम पुण्य स्मृति पर व्याख्यानमाला - Khulasa Online

शिक्षाविद डॉक्टर आनंद सिंह बीठू की प्रथम पुण्य स्मृति पर व्याख्यानमाला

शिक्षाविद डॉक्टर आनंद सिंह बीठू की प्रथम पुण्य स्मृति पर व्याख्यानमाला

बीकानेर 26 मई। भारतीय ज्ञान परंपरा आदि अनादि काल से समृद्ध रूप से चली आ रही है। इस ज्ञान परंपरा के बलबूते ही भारत विश्व गुरु था, है और भविष्य में भी रहेगा। यहां केवल बात इतिहास की नहीं बल्कि नक्षत्र ज्ञान, विज्ञान, कला, गणित समाजशास्त्र धर्मशास्त्र सहित बहुतेरे विषयों पर भारतीय ज्ञान परम्परा की विश्व पटल पर अपनी अलग थाती है।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 भारतीय ज्ञान परंपरा को और अधिक समृद्धि की ओर ले जाने का मार्ग है, जिसके लिए हम सभी को मिलकर धरातल स्तर पर काम करना होगा।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति- 2020 एवं भारतीय ज्ञान परंपरा विषय पर रविवार को राजकीय डूंगर महाविद्यालय के प्रताप सभागार में वक्ताओं ने अपने-अपने विचार व्यक्त किए। विचार वह जो मानव मस्तिष्क को भारतीय ज्ञान परंपरा के पथ पर चलने के लिए अग्रगामी की भूमिका में ला दे। यह अवसर था शिक्षाविद् डॉ. आनन्दसिंह बीठू की प्रथम पुण्य स्मृति पर आयोजित व्याख्यान माला का, जिसमें मुख्य वक्ता एवं मुख्य अतिथि प्रो. मनोज दीक्षित, कुलपति, महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय के सान्निध्य में शिक्षाविदों एवं विषय विशेषज्ञों ने अपनी-अपनी बात रखी।

श्रुत परंपरा सबसे प्रामाणिक व प्राचीन परंपरा

शिक्षाविद् डॉ. आनंदसिंह बीठू की प्रथम पुण्य स्मृति में रखी गई इस व्याख्यान माला को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए एमजीएस विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मनोज दीक्षित ने भारतीय ज्ञान की समृद्ध और शाश्वत परम्परा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय ज्ञान परम्परा शाश्वत है। श्रुत परंपरा सबसे प्रामाणिक व प्राचीन परंपरा है। भारतीय ज्ञान परंपरा को भारतीय शिक्षण परंपरा में लाने के लिए भारतीय ग्रन्थों को संदर्भ ग्रन्थ के रूप में स्थान देना व उन्हें युगानुकूल स्थान देना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि भारतीय ज्ञान व परंपरा वैश्विक है। संसार के विभिन्न प्रकार की कलाओं, ज्ञान- विज्ञान की मूल भारत में विद्यमान है। उन्होंने विश्व के कई देशों यथा जर्मनी, इजिप्ट व होंडुरास इत्यादि का उद्धरण देते हुए उन्होंने बताया कि भारत की ज्ञान परंपरा से निकली शाखाएं आज भी विभिन्न देशों में विद्यमान है। उन्होंने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपराओं के प्रामाणिक ग्रन्थ महाभारत व रामायण को संदर्भ ग्रन्थ के रूप में शामिल किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय इतिहास का फलक बहुत बड़ा है।
कार्यक्रम के प्रारंभ में स्वागत भाषण राजकीय डूंगर महाविद्यालय के इतिहास संकाय के विभागाध्यक्ष डॉ. चंद्रशेखर कच्छावा ने दिया। उन्होंने भारतीय ज्ञान परम्परा के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए समृद्ध ज्ञान परम्परा की वर्तमान शिक्षा पद्धति में उपादेयता पर प्रकाश डाला।
व्याख्यान माला को संबोधित करते हुए कॉलेज शिक्षा विभाग के सहायक निदेशक डॉ. पुष्पेन्द्रसिंह शेखावत ने कहा कि हर विषयों का अपना इतिहास है। भारतीय ज्ञान परंपरा उदात्त थी, है और रहेगी। भारतीय शिक्षा नीति-2020 के तहत गीता, रामायण जैसे सनातन धर्म के ग्रन्थ को भी पाठ्यक्रम में स्थान देना चाहिए।

कार्यक्रम में राजकीय डूंगर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. इंद्रसिंह राजपुरोहित ने कहा कि सभ्यताओं के युद्ध में भारतीय पुरातन संस्कृति उभर नहीं पाई और अब इसे पुनर्जीवित कर भारतीय शिक्षण व्यवस्था में शामिल करना होगा। विदित रहे कि इसका उल्लेख भारतीय शिक्षा नीति-2020 भी करती है। उन्होंने कहा कि प्राचीन शिलालेखों, मूर्तियों, देवलियों, सतियों इत्यादि के इतिहास को एक नवीन दृष्टि से देखने की आवश्यकता है।

व्यक्ति नहीं विचारपूंज थे डॉ. आनंद बीठू- श्रीमाली

व्याख्यानमाला को संबोधित करते हुए इतिहासकार व शिक्षाविद् जानकीनारायण श्रीमाली ने कहा कि डॉ. आनन्दसिंह बीठू एक व्यक्ति न होकर बल्कि विचारपूंज थे। उन्होंने बाल्यकाल से लेकर आजीवन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के समर्पित स्वयंसेवक के रूप में काम किया और भारतीय इतिहास संकलन समिति और राती घाटी शोध एवं विकास समिति के लिए किए गए उनके कार्य अविस्मरणीय रहेंगे। उन्होंने इस अवसर पर कुलपति प्रो. मनोज दीक्षित के समक्ष महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय में रातीघाटी युद्ध शोध केन्द्र स्थापित किए जाने व भारतीय इतिहास की कालजयी घटना को इतिहास विषय के पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग रखी।

लेखक प्रमुख डॉ. राजेन्द्र प्रसाद जोशी ने रातीघाटी शोध एवं विकास समिति द्वारा किए जा रहे शोध एवं नवाचारों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में भारतीय इतिहास संकलन समिति के जोधपुर प्रांत के संपर्क प्रमुख डॉ. अशोक शर्मा ने संस्थान की गतिविधियों और कार्यप्रणाली पर प्रकाश डाला। इससे पूर्व समिति के जिलाध्यक्ष डॉ. रामगोपाल शर्मा ने शिक्षाविद् डॉ. आनन्द सिंह बीठू की जीवनी और भारतीय ज्ञान परम्परा के संवर्द्धन को लेकर दिए गए उनके अवदान पर प्रकाश डाला। व्याख्यानमाला में आभार वक्तव्य समिति के अध्यक्ष नरेन्द्रसिंह बीका ने दिया।

इस अवसर पर राजकीय डूंगर महाविद्यालय के विद्धान संकाय सदस्य, बीकानेर शहर के प्रबुद्धजन, शिक्षाविद्, इतिहासकार, साहित्य क्षेत्र से जु़ड़े गणमान्यजन, शोधार्थी एवं विधार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संयोजन मदन मोदी व राजशेखर पुरोहित ने किया।

error: Content is protected !!
Join Whatsapp 26