भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज - Khulasa Online भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज - Khulasa Online

भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज

खुलासा न्यूज। राजसमंद में जन आक्रोश रैली के दौरान भाजपा कार्यकर्ता पुलिस से भिड़ गए। पुलिस ने पहले वाटर कैनन से बौछार कर कार्यकर्ताओं को तितर-बितर किया। इसके बाद भी भाजपा कार्यकर्ता जबरदस्ती कलेक्ट्रेट में घुसने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने लाठीचार्ज कर उन्हें खदेड़ दिया। लाठीचार्ज में कई कार्यकर्ता घायल हो गए। राजस्थान में सोमवार को भाजपा की ओर से सभी जिला मुख्यालयों पर राज्य सरकार के खिलाफ जन आक्रोश रैली और कलेक्ट्रेट का घेराव किया गया था।

जन आक्रोश जनसभा के बाद निकाली रैली

राजसमंद में कांकरोली पुराने बस स्टैंड परिसर में दोपहर 12 से 2.30 बजे तक जन आक्रोश जनसभा हुई। सभा में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, सांसद दीया कुमारी, विधायक दीप्ति महेश्वरी, कुंभलगढ़ विधायक सुरेंद्र सिंह राठौड़ और अन्य पदाधिकारियों ने सभा को संबोधित किया। सभा के बाद रैली के रूप में प्रदेश अध्यक्ष, सांसद, विधायक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता हाथों में नारे लिखी तख्तियां लेकर सभा स्थल कांकरोली पुराना बस स्टैंड से कलेक्ट्रेट की तरफ निकले। पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर कलेक्ट्रेट के दोनों गेट बंद कर रखे थे, जिन्हें रैली में शामिल युवा कार्यकर्ता तोड़ने लगे। इस पर पुलिस और कार्यकर्ताओं की नोकझोंक हुई और पुलिस ने लाठियां फटकार पर उन्हें पीछे किया। भाजपा कार्यकर्ता जब बैरिकेडिंग से नहीं हटे तो वाटर कैनन से उन्हें तितर-बितर किया गया।

महिला कार्यकर्ता के सिर में लगी चोट

छोटी सादड़ी से जनाक्रोश यात्रा में आईं प्रदेश समिति सदस्य कोमल गहलोत के सिर पर चोट लग गई। कोमल ने बताया कि पुलिसकर्मी ने उनके सिर पर लाठी मारी। प्रदेश में यही गुंडागर्दी चल रही है, हम इसी का तो विरोध करने आए हैं। महिला कार्यकर्ता ने अपनी चोट दिखाते हुए कहा कि राज्य सरकार बर्बरता पर उतर आई। महिला कार्यकर्ताओं पर भी पुलिस ने लाठियां बरसाईं है।

सीपी जोशी बोले- लाठीचार्ज में कई कार्यकर्ता घायल

जिला कलेक्टर नीलाभ सक्सेना को ज्ञापन सौंपने के बाद सीपी जोशी ने पत्रकारों को बताया कि पुलिस के लाठीचार्ज में उनके कई कार्यकर्ता घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक के लिए कलेक्ट्री के दरवाजे खुले होते हैं, लेकिन बीजेपी के लिए बैरिकेडिंग कर दी जाती है।

error: Content is protected !!
Join Whatsapp 26