Gold Silver

महिला नशा तस्कर के आलीशान मकान को तोड़ा, स्टे आने पर रोकी कार्रवाई

खुलासा न्यूज। श्रीगंगानगर के छजगरिया मोहल्ले में जिला प्रशासन के अधिकारियों और पुलिस जाब्ते के साथ नशा तस्कर का आलीशान मकान ढहाया गया। यह मकान नशा तस्कर ऊषा छजगरिया का था। ऊषा पर एनडीपीएस एक्ट के 11 मामले दर्ज हैं। उसके पति रणजीत छजगरिया पर भी नशा तस्करी और कई अन्य अपराधों में मामले दर्ज हैं। ऊषा के परिवार के अन्य लोग भी नशे के कारोबार से जुड़े हुए हैं। पुलिस प्रशासन को यह मकान अवैध रूप से बनाए होने की जानकारी मिलने पर ढहाया गया। ऑपरेशन वज्र के तहत डीजीपी ने तस्करों की ऐसी संपत्ति पर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद यह कार्रवाई की गई।

अवैध रूप से मकान बना होने पर हुई कार्रवाई

डीजीपी के निर्देश के बाद एसपी परिस देशमुख ने इस बारे में कलेक्टर को अवगत करवाया। इसके बाद एसडीएम मनोज मीणा ने जांच की। जांच में मकान अवैध रूप से बना होना पाए जाने पर इसे ध्वस्त करने की कार्रवाई की गई। सोमवार सुबह नगर परिषद और पुलिस का अमला जेसीबी के साथ मौके पर पहुंचा। पुलिस जाब्ते की तैनाती की गई। इसके बाद कब्जा हटाने की कार्रवाई की गई।

 

95 प्रतिशत टूटने के बाद आया स्टे

मकान का करीब 95 प्रतिशत हिस्सा टूटने के बाद कोर्ट का स्टे आने की जानकारी मिलने पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई रोकी गई। एसपी परिस देशमुख ने बताया कि कब्जा हटाने की कार्रवाई के अंतिम चरण में कोर्ट का स्टे आने की जानकारी मिली। तब तक मकान का अधिकांश हिस्सा ढहाया जा चुका था। इसके बाद मकान ढहाने का काम रोक दिया गया। उन्होंने कहा कि नशा तस्कर यदि किसी भी इलाके में तस्करी करने और तस्करी के रुपए से मकान बनाने की जानकारी मिलती है तो इस संपत्ति को हटा दिया जाएगा।

Join Whatsapp 26