तालिबान को चैलेंज:जलालाबाद में लोगों ने राष्ट्रध्वज के साथ रैली निकाली - Khulasa Online तालिबान को चैलेंज:जलालाबाद में लोगों ने राष्ट्रध्वज के साथ रैली निकाली - Khulasa Online

तालिबान को चैलेंज:जलालाबाद में लोगों ने राष्ट्रध्वज के साथ रैली निकाली

अफगानिस्तान में कुछ लोगों को तालिबान की हुकूमत मंजूर नहीं है। इसके संकेत बुधवार को मिले। जलालाबाद में स्थानीय लोगों ने अफगानिस्तान का राष्ट्रध्वज फहराया। इसके बाद यही झंडा हाथ में लेकर रैली निकाली। तालिबान को यह इतना नागवार गुजरा कि उसने निहत्थे लोगों पर फायरिंग कर दी। न्यूज एजेंसी ‘रॉयटर्स’के मुताबिक, तालिबान की फायरिंग में तीन लोगों की मौत हो गई है। कुछ पत्रकार भी घायल हुए हैं। इनमें से ज्यादातर वीडियो जर्नलिस्ट्स हैं।

तालिबान का विरोध
जलालाबाद अफगानिस्तान के बड़े और मुख्य शहरों में से एक है। बुधवार को यहां हजारों लोग एक मुख्य चौराहे पर जुटे। उन्होंने एक जगह अफगानिस्तान का राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद मुख्य मार्ग से राष्ट्रीय ध्वज लेकर रैली निकाली। यह तालिबान की हुकूमत को सीधी चुनौती थी। इमारतों और सड़कों पर तैनात तालिबान ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए फायरिंग की। इसमें तीन लोगों के मारे जाने और कुछ के घायल होने की खबर है।

जलालाबाद ही वो शहर है जिसे तालिबान ने काबुल के पहले फतह किया था। यहां के लोगों ने तालिबान का झंडा उठाने से परहेज किया है। बुधवार को रैली के जरिए उन्होंने सीधे तौर पर तालिबान को चैलेंज किया।

अचानक फायरिंग
लोकल मीडिया ने इसके कुछ वीडियो फुटेज भी जारी किए हैं जो सोशल मीडिया पर मौजूद हैं। इसमें लोग शांतिपूर्ण तरीके से रैली निकाल रहे हैं। इसी दौरान इमारतों और सड़कों पर तैनात तालिबान फायरिंग शुरू कर देते हैं। इस दौरान तालिबान के खिलाफ काफी नारेबाजी भी हुई। वीडियोज में बताया गया है कि तालिबान ने इस दौरान पत्रकारों और खासकर वीडियो जर्नलिस्ट्स से भी मारपीट की।

error: Content is protected !!
Join Whatsapp 26