कैप्टन अचानक दिल्ली पहुंचे:केंद्रीय मंत्रियों से अमरिंदर सिंह की मुलाकात संभव - Khulasa Online कैप्टन अचानक दिल्ली पहुंचे:केंद्रीय मंत्रियों से अमरिंदर सिंह की मुलाकात संभव - Khulasa Online

कैप्टन अचानक दिल्ली पहुंचे:केंद्रीय मंत्रियों से अमरिंदर सिंह की मुलाकात संभव

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह बुधवार को अचानक दिल्ली पहुंचे हैं। वे चंडीगढ़ से सीधे सांसद पत्नी परनीत कौर के दिल्ली में स्थित निवास पर पहुंचे। फिलहाल अमरिंदर वहीं रुके हुए हैं। सूत्रों की मानें तो अमरिंदर केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर सकते हैं। हालांकि, आधिकारिक तौर पर कैप्टन ग्रुप की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। पिछली बार उनकी PM नरेंद्र मोदी से मिलने की चर्चा थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अमरिंदर कांग्रेस छोड़ने का ऐलान कर चुके हैं। ऐसे में उनके दिल्ली दौरे को लेकर सियासी कयास लगने शुरू हो गए हैं।

पिछली बार शाह और डोभाल से मिले थे
CM पद से इस्तीफा देने के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह कुछ दिन पहले दिल्ली दौरे पर गए थे। वहां उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल से मुलाकात की थी। अमरिंदर के कांग्रेस छोड़ने की घोषणा करते ही कयास लग रहे थे कि वे भाजपा में शामिल हो सकते हैं। उनको केंद्रीय कृषि मंत्री बनाकर किसान आंदोलन का हल निकालने की भी चर्चा थी, लेकिन दिल्ली से लौटने के बाद अमरिंदर ने भाजपा में शामिल होने की बात खारिज कर दी।

अमरिंदर के अगले सियासी कदम पर सबकी नजर
कैप्टन 52 साल से पंजाब की राजनीति में हैं। साढ़े 9 साल पंजाब के CM रह चुके हैं। कुछ दिन पहले अचानक कांग्रेस ने उन्हें CM की कुर्सी से हटा दिया। तब अमरिंदर ने कहा कि उन्हें अपमानित किया गया। इससे चौंकाने वाली बात सिद्धू को लेकर थी। अमरिंदर ने कहा कि वो सिद्धू को किसी भी कीमत में चुनाव नहीं जीतने देंगे। सिद्धू के खिलाफ मजबूत कैंडिडेट उतारेंगे।

माना जा रहा है कि अमरिंदर कोई नया संगठन बना सकते हैं। जिसके जरिए वे कृषि कानून का हल निकलवा कर किसान आंदोलन खत्म करवा सकते हैं। इसके बाद पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 में मैदान में उतर सकते हैं। उनकी पंजाब विकास पार्टी बनाने को लेकर भी चर्चा सामने आ चुकी है। हालांकि, अमरिंदर ने अभी तक इसके बारे में कुछ नहीं कहा।

error: Content is protected !!
Join Whatsapp 26