Gold Silver

बड़ी खबर:देर रात को मैदान में खड़े रावण का अज्ञात जनों ने दहन कर दिया

श्रीगंगानगर श्रीगंगानगर जैतसर के सरकारी स्कूल के मैदान में मंगलवार आधी रात रावण के पुतले का दहन हो गया। दहन किसने और कब किया, इसका पता नहीं चल सका है। पुतले के पास सोया सेवादार आया तो दो लोगों को भागते देखा। सेवादार ने दशहरा कमेटी के सदस्यों को सूचना दी। वे मौके पर पहुंचे और पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई। अब पुलिस आस-पास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। इनसे रावण के पुतले में आग लगाने वालों का पता लगाया जा रहा है।
जैतसर में पिछले 58 साल से श्री नेहरू रामलीला नाटक क्लब की ओर से रामलीला और दशहरा उत्सव का आयोजन किया जाता रहा है। कोराना काल में साल 2020 के बाद नेहरू क्लब ने रामलीला आयोजन नहीं किया गया। इस दौरान कस्बे में श्रीराम राममलीला नाटक क्लब ने रामलीला मंचन शुरू कर दिया। इस बार नेहरू क्लब ने रामलीला मंचन तो नहीं किया लेकिन उन्होंने दशहरा आयोजन का फैसला किया। इसके लिए रावण का चालीस फुट का पुतला बनवाया। इस पुतले को मंगलवार शाम सरकारी स्कूल के मैदान में स्थापित कर दिया गया। इसमें बुधवार को आतिशबाजी भरी जानी थी। रात को पुतले की सुरक्षा के लिए एक सेवादार को मौके पर छोड़ा गया।
देर रात कर गए रावण दहन
सेवादार ने बताया कि वह मौके पर पुतलों से कुछ दूरी पर सोया था। इस दौरान दो युवकों ने स्कूल की दीवार फांदकर स्कूल में प्रवेश किया। मैदान में पहुंचकर रावण के पुतले में आग लगा दी। आग लगते ही पास सोए सेवादार की आंख खुल गई। उसने भागकर दोनों आग लगाने वालों को पकडऩे का प्रयास किया लेकिन वे दीवार फांदकर फरार हो गए।
सेवादार ने नेहरू क्लब के पदाधिकारियों और पुलिस को सूचना दी। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल कर आरोपियों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। देर रात पुतला फिर से तैयार किया गया। मौके पर टेलर को बुलाकर कपड़े से पुतले के जलने से बचे ढांचे को ढकवाने का प्रयास किया जा रहा है। जिससे कि शाम को रावण दहन किया जा सकें। बुधवार सुबह करीब नौ बजे तक पुतले का काफी हिस्सा फिर से तैयार कर दिया गया था। इस साल दशहरे का अन्य आयोजन कस्बे में श्री राम रामलीला नाटक क्लब की ओर से शहर की इंद्र कॉलोनी में किया जाना है। उसके लिए भी चालीस फुट का रावण का पुतला तैयार किया गया है। इसे इंद्र कॉलोनी में स्थापित किया गया है। इस पुतले का दहन बुधवार शाम किया जाएगा।

Join Whatsapp 26