दिपावली से पहले इस दिन है भौम पुष्य नक्षत्र, जमकर होगी खरीददारी - Khulasa Online दिपावली से पहले इस दिन है भौम पुष्य नक्षत्र, जमकर होगी खरीददारी - Khulasa Online

दिपावली से पहले इस दिन है भौम पुष्य नक्षत्र, जमकर होगी खरीददारी

जयपुर। दोपोत्सव 22 अक्टूबर से शुरू हो रहा है और दिवाली 24 अक्टूबर की है। इससे पहले खरीदी का सबसे बड़ा मुहूर्त 18 अक्टूबर को है। इस दिन भौम पुष्य नक्षत्र के महासंयोग आने से दीपावली एवं धनतेरस से पहले बाजारों में लक्ष्मी की धन वर्षा होगी। यह संयोग अगले दिन 19 अक्टूबर सुबह 8.02 बजे तक रहेगा। जानकारों की माने तो भौम पुष्य के महासंयोग में धन तेरस व दिवाली से कई गुना ज्यादा खरीदारी होने की संभावना बन रही है। इस बार पुष्य नक्षत्र के साथ सिद्ध योग भी बन रहा है।
धनतेरस से पहले आने वाला यह योग बाजार में समृद्धि की बयार लेकर आएगा। इस दिन अच्छा व्यापार होने की आशा में व्यापारी काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं। व्यापारियों ने इसके लिए पूरी तैयारी कर ली है। खरीदारी का महायोग होने से सर्वाधिक कारोबार सराफा बाजार में होने की उम्मीद है। वैसे भी सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट आना कारोबार के लिए अच्छे संकेत है।
खरीदी के लिए मिलेंगे दो दिन
खरीदी के लिए लोगों को सुबह से रात तक खूब समय मिलेगा, क्योंकि मंगलवार को पूरे दिन पुष्य नक्षत्र रहेगा। साल के 365 दिन में 13 पुष्य नक्षत्र आते हैं। जिसमें से दिवाली के पहले आने वाला पुष्य सबसे विशेष माना जाता है। पुष्य नक्षत्र को 27 नक्षत्रों का राजा कहा जाता है। इसलिए खरीदारी के लिए सबसे ज्यादा शुभ माना गया है।। इसमें की गई खरीदी समृद्धि कारक और दीर्घकालिक होती है। पुष्य नक्षत्र की धातु सोना है, इसे खरीदने से लाभ होता है। पुष्य में भूमि, भवन, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक सामान व अन्य स्थाई संपत्ति में निवेश करने से प्रचुर लाभ की संभावना रहती है।
भौम पुष्य में खरीदारी शुभ
पंडित सुरेश शास्त्री के अनुसार भौम पुष्य नक्षत्र के संयोग में हर चीज की खरीदी शुभ मानी जाती है। लेकिन इस दिन भौम पुष्य नक्षत्र होने से सोने, चांदी के आभूषण, श्रीयंत्र, मकान, वाहन, श्रीयंत्र आदि की खरीदारी के लिए खास माना जा रहा है। अगले दिन सूर्योदय के बाद तक रहेगा ऐसे में इस दिन भी पुष्य नक्षत्र के बराबर लाभ मिलेगा। इस दिन लोग सोने, चांदी के आभूषण, श्रीयंत्र, मकान, वाहन आदि खरीद सकते हैं। वैसे पूरे दिन खरीदारी करना शुभ रहेगा लेकिन दोपहर 12 से 12.47 बजे तक अभिजीत मुहूर्त सबसे श्रेष्ठ रहेगा।

error: Content is protected !!
Join Whatsapp 26