एडवोकेट सुसाइड गहलोत सरकार पर कलंक:राठौड़ - Khulasa Online एडवोकेट सुसाइड गहलोत सरकार पर कलंक:राठौड़ - Khulasa Online

एडवोकेट सुसाइड गहलोत सरकार पर कलंक:राठौड़

जयपुर। श्रीगंगानगर में घड़साना में बार संघ के पूर्व अध्यक्ष विजय सिंह झोरड़ की आत्महत्या के मामले ने सियासी तूल पकड़ लिया है। आज घड़साना के बाजार पूरी तरह बंद रखे गए हैं। बीजेपी के उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने कहा है कि सीकर में वकील हंसराज मावलिया के आत्मदाह की स्याही अभी सूखी ही नहीं थी, कि अब श्रीगंगानगर जिले के घड़साना बार संघ के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट विजय सिंह झोरड़ ने पुलिस प्रताडऩा और मारपीट से मानसिक रूप से परेशान होकर आत्महत्या कर ली है। यह घटना सरकार के माथे पर कलंक है और वकीलों में गहरा आक्रोश है। राठौड़ ने कहा- कस्बे में नशे के खिलाफ अभियान चलाने वाले वकील के साथ पुलिसकर्मियों ने 18 अप्रैल को पहले भी बेरहमी से बेवजह मारपीट की थी। जिससे उन्हें मानसिक धक्का पहुंचा और उन्होंने आत्महत्या कर ली। पुलिस प्रताडऩा के कारण ही वकील को मजबूरन आत्महत्या जैसा कदम उठाना पड़ा। घड़साना और सीकर दोनों वकील आत्महत्याओं के केस की न्यायिक जांच होनी चाहिए। वकील समाज का सबसे प्रतिष्ठित, जागरुक और चिन्तनशील वर्ग का व्यक्ति होता है। वही भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान में पुलिस से प्रताडि़त होकर आत्महत्या करेगा, तो आम आदमी का क्या होगा। मेरी मांग है कि पीडि़त परिवार को जल्द न्याय मिले और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
नशे के खिलाफ जागरुकता फैलाने पर विजय सिंह झोरड़ को आत्महत्या के लिए मजबूर किया
बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा है कि राजस्थान की कई चुनौतियों में से एक युवाओं के बीच नशे की लत और इसका कारोबार है। यह पंजाब से लेकर राज्य के सीमावर्ती क्षेत्र तक एक कॉरिडोर के रूप में फैल गया। इसी के खिलाफ जन जागरण और संघर्ष के कारण घड़साना के वकील विजय झोरड़ को आत्महत्या के लिए मजबूर किया गया है। भाजपा श्रीगंगानगर इकाई और स्थानीय विधायक पीडि़त वकील के परिवार को न्याय दिलाने के लिए आंदोलन कर रहे हैं। लेकिन यह घटना राज्य की कानून व्यवस्था की पोल खोलती है कि किस तरह से राजस्थान अपराधियों और नशा माफियाओं की गिरफ्त में है और गहलोत सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।
नाकाम कानून व्यवस्था, बढ़ते गुंडाराज से पीडि़त होकर की आत्महत्या
केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा- कांग्रेस की विफल कानून व्यवस्था, बढ़ते गुंडाराज से पीडि़त होकर संसदीय क्षेत्र में घड़साना बार संघ के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट विजय सिंह झोरड़ ने आत्महत्या की है। प्रदेश में बढ़ते गुंडाराज ,ध्वस्त क़ानून व्यवस्था के चलते आज प्रदेश के हर नागरिक के मन मे असंतोष फैला हुआ है। पीडि़त परिवार को न्याय मिले और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। भारतीय जनता पार्टी,राजस्थान प्रदेश में इस भ्रष्ट शासन व्यवस्था के खिलाफ लगातार संघर्ष जारी रखेगी।

error: Content is protected !!
Join Whatsapp 26