
….नहीं तो यूआईटी के लगा देंगे ताले,पार्षद ने दी चेतावनी






खुलासा न्यूज,बीकानेर। शहर की पॉश कॉलोनियों में शुमार रखने वाली सादुलगंज में विकास कार्य नहीं होने से नाराज वार्ड पार्षद मनोज बिश्नोई के नेतृत्व में यहां निवासियों का एक शिष्टमंडल नगर विकास न्यास सचिव नरेन्द्र सिंह राजपुरोहित से मिला और उन्हें शिकायत कि नगर विकास न्यास सादुलगंज एरिया में किसी भी तरह का विकास नहीं करवा रहा है। बिश्नोई ने सचिव को अवगत कराया कि सादुलगंज योजना से नगर विकास न्यास को 100 करोड़ से ज्यादा लाभ हुआ है। नगर विकास न्यास के नियमानुसार 30 प्रतिशत योजना का उसी योजना में विकास के लिए खर्च होना चाहिए। मगर नगर विकास न्यास हमेशा घाटा दिखाकर विकास कराने में असमर्थता दिखा रहा है,यह कतई सहन नहीं होगा। जल्द ही सादुल गंज में टेंडर नहीं लगा और विकास नहीं करवाया तो यूआईटी के गेट पर ताला लगाकर धरना दिया जाएगा। शिष्टमंडल में पूर्व पार्षद राकेश काला,पूर्व पार्षद शिवरी चौधरी,रिटायर्ड आईएएस के एल गुप्ता,इंदर सिंह,डॉक्टर हेमलता,राकेश बिश्नोई आदि लोग शामिल थे।


