
गढ़ की दिवार ढही मजदूर की मौत कई घायल,हादसे के बाद लोगों का आना जाना रोका






हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ के टाऊन स्थित भटनेर दुर्ग में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान एक प्राचीन दीवार ढह गई। हादसे में मलबे के नीचे दबने से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 5 मजदूर घायल हो गए। सभी मजदूरों को इलाज के लिए हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
भटनेर दुर्ग में लंबे समय से मरम्मत का काम चल रहा है। सोमवार सुबह दुर्ग के अन्दर बालाजी मंदिर के पास की प्राचीन दीवार को तोड़ा जा रहा था। इस दौरान अचानक पूरी दीवार ढह गई। दीवार के ढहने से मौके पर काम कर रहे 6 मजदूर नीचे दब गए। आवाज सुनकर कुछ दूरी पर काम कर रहे मजदूर मौके पर पहुंचे और आस-पास खड़े लोगों को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद दुर्ग में आए अन्य लोग मौके पर पहुंचे और 108 को सूचना देकर मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही 108 मौके पर पहुंची और घायल मजदूरों को जिला हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जहां टाऊन के वार्ड 46 निवासी राजेंद्र को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
कलेक्टर-एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
प्राचीन भटनेर दुर्ग की दीवार ढहने की सूचना पर जिला कलेक्टर नथमल डिडेल और एसपी डॉ. अजय सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। घटना स्थल पर पहुंचे कलक्टर और एसपी के साथ पुलिस के जवान और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। घटना के बाद जिला प्रशासन ने दुर्ग के गेट बंद कर लोगों की एंट्री बंद कर दी है।
वार्ड पार्षद ने लगाए आरोप
वार्ड-46 के पार्षद प्रदीप मित्तल ने आरोप लगाया कि भटनेर दुर्ग में कोई भी दुर्ग का कर्मचारी मौजूद नहीं था और किसी भी प्रकार की कोई सुरक्षा व्यवस्था निर्माण एजेंसी और किले के कर्मचारियों द्वारा नहीं कि गई थी। पार्षद ने बताया कि उनके पास फोन आया कि किले की दीवार ढह गई है, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को मलवे से बाहर निकाला।


