
प्रदेश से दर्दनाक खबर, तीन की मौत, भाभी को बचाने कूदे दो देवर भी बहे, कई किमी दूर मिले तिनों के शव






जोधपुर जिले के चामू थाना क्षेत्र के लोड़ता अचलावता निवासी एक महिला व उसके दो देवर की नहर में डूबने से मौत हो गई। भाभी के घर से निकलने के बाद दो देवर उसके पीछे-पीछे आए। वे भाभी तक पहुंच पाते तब तक उसने नहर में छलांग लगा दी। 15 व 18 वर्षीय देवर ने भी भाभी को बचाने के लिए नहर में छलांग लगा दी। लिफ्ट नहर के तेज बहाव में तीनों बह गए। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर तीनों को खोजने का अभियान चलाया। करीब बारह किलोमीटर की दूरी पर देवानिया गांव की सरहद में तीनों के शव मिले।
लोड़ता अचलावता निवासी 26 वर्षीय भंवरी देवी देवी आज अपने घर से निकल गई। घर से निकलने पर दो देवर 18 वर्षीय संतोष व 15 वर्षीय उदाराम भी उसके पीछे भागे। बताया जा रहा है कि भंवरी देवी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। करीब एक साल से उसका इलाज चल रहा था। इस कारण दोनों देवर भाभी को वापस लाने के लिए पीछे गए। वे दोनों भाभी भंवरी तक पहुंच पाते तब तक उसने नहर में छलांग लगा दी। भाग कर दोनों उसके पीछे पानी में कूद गए। दोनों को तैरना नहीं आता था। तेज बहाव में तीनों बह गए। निकट के खेतों में काम कर रहे लोगों ने नजारा देखा तो वे मौके पर पहुंचे और उन्होंने अन्य लोगों को एकत्र किया। इसके साथ ही लिफ्ट नहर में गिरने वाली गायों को बचाने के लिए क्षेत्र के युवाओं की ओर से बनाई गई कामधेनु सेना के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। उन्होंने नहर में खोज अभियान शुरू किया। उन्होंने देवानिया गांव के कार्यकर्ताओं को भी सूचना भेज दी। इसके बाद देवानिया गांव के युवा भी नहर में कूद तीनों की तलाश में जुट गए। देवानिया गांव की सरहद के समीप एक पुल के नीचे लोगों ने बैरिकेड्स लगा दिए। दो घंटों की मशक्कत के बाद आखिरकार तीनों के शव मिल गए। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस थाना प्रभारी देवी सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तीनों शव अस्पताल में रखवाए गए है। संतोष गत वर्ष बारहवीं तक पढ़ाई पूरी कर चुका था। जबकि उदाराम नवीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा था।


