पति की दूसरी शादी से तनाव, ऋतु ने की आत्महत्या
महिला ने अपने पति की दूसरी शादी की बात सुनकर फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के समय वह घर में अकेली थी। मृतका का भाई घर आया तो बहन फंदे पर लटकी मिली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। मामला श्रीगंगानगर के सादुलशहर कस्बे का है।
मृतका के पिता कृष्णलाल ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी ऋतु की शादी तीन साल पहले हरियाणा के रहने वाले प्रवीण से हुई थी। मृतका के पिता का आरोप है कि ससुराल के लोग उसकी बेटी को दहेज के लिए परेशान और मारपीट करते थे। इस दौरान ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे घर से निकाल दिया। इस कारण वह पीहर में रह रही थी।
हादसे के समय घर में अकेली थी
मृतका के पिता ने बताया कि ऋतु को कुछ दिन पहले ही उसके पति की फिर से शादी किए जाने के कोशिश की सूचना मिली थी। इससे वह परेशान थी। उसने सोमवार दोपहर घर में फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी। ऋतु का भाई अजय स्कूल से लौटा तो फंदे पर लटकी मिली। उसने पड़ोसियों को बुलाया। पुलिस और परिवार के अन्य लोगों को भी घटना की जानकारी दी।
गिरफ्तारी की मांग पर अड़े परिजन
ऋतु की मौत के बाद परिजन ससुराल पक्ष के लोगों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। परिजनों का कहना था कि जब तक ससुराल पक्ष के लोगों की गिरफ्तारी नहीं की जाएगी। वह शव का पोस्टमार्टम नहीं करवाएंगे। सूचना पर सीओ ग्रामीण भंवरलाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझाया लेकिन वे नहीं माने। शाम तक परिजन अस्पताल में अपनी मांग पर अड़े थे।