
दीपावली पर कहां कौन सा दीपक लगाएं, हो सकती हैं मनोकामनाएं पूरी







5 दिवसीय दीपोत्सव शुरू हो गया है। इन दिनों में दीपक जलाने का विशेष महत्व है। माना जाता है कि अगर कोई व्यक्ति भगवान के सामने सच्चे मन से सिर्फ एक दीपक भी जलाता है तो उसकी सभी मनोकामनाएं पूरी हो सकती हैं। दीपावली पर खासतौर पर मिट्टी के दीपक जलाना चाहिए। मिट्टी का दीपक पंचतत्वों से मिलकर बना होता है। इसे बनाने में धरती, आकाश, पानी, अग्नि और वायु का उपयोग होता है।
ज्योतिषाचार्य पं. के अनुसार दीपक जलाने से पहले कुछ खास बातें ध्यान रखनी चाहिए। अगर विधि-विधान से दीपक तैयार किया जाता है तो देवी-देवताओं की कृपा जल्दी मिल सकती है।
कहां कौन सा दीपक लगाएं
दीपावली पर लक्ष्मी पूजा में घी का दीपक अपने बाएं हाथ की ओर, तेल का दीपक अपने दाएं हाथ की ओर जलाना चाहिए। ध्यान रखें कि पूजा के बीच में दीपक बुझना नहीं चाहिए। दीपक भगवान की प्रतिमा के ठीक सामने लगाना चाहिए। अगर दीपक बुझ जाए तो भगवान से क्षमा मांगते हुए फिर से जला देना चाहिए।
घी के दीपक में लगाएं रुई की बत्ती
पूजा में जो दीपक खंडित हो जाए, उसे जलाना नहीं चाहिए। दीपक ही नहीं, बल्कि अन्य कोई भी खंडित चीज पूजा में उपयोग न करें। पूजा के लिए खंडित सामग्री शुभ नहीं मानी जाती है। घी के दीपक के लिए सफेद रुई की बत्ती उपयोग किया जाना चाहिए। जबकि तेल के दीपक के लिए लाल धागे की बत्ती ज्यादा शुभ रहती है।
दीपक जलाते समय इस मंत्र का जाप करें
दीपक जलाते समय इस मंत्र का जाप करें- शुभम करोति कल्याणं, आरोग्यं धन संपदाम्, शत्रु बुद्धि विनाशाय, दीपं ज्योति नमोस्तुते।।
मान्यता है कि इस मंत्र के जाप के साथ दीपक जलाने से घर-परिवार में सुख-समृद्धि बनी रहती है और वास्तु दोष दूर होते हैं। घर के आसपास नकारात्मक ऊर्जा का प्रभाव खत्म होता है।


