
आप नेता पर महिला ने लगाया दुष्कर्म का आरोप






श्रीगंगानगर। शहर के सूरतगढ बाईपास के निकट स्थित एक होटल में महिला से रेप का मामला सामने आया है। महिला एक कानूनी मामले में मदद मांगने के लिए पंजाब के अबोहर में आम आदमी पार्टी के नेता के पास गई थी। इन लोगों ने मदद करने का भरोसा दिलाया। इसी के चलते आरोपी महिला को श्रीगंगानगर ले आया। यहां लाकर उसने उसके साथ रेप किया और उसके अन्य साथियों ने उसका सहयोग किया। इस संबंध में शुक्रवार रात महिला थाने में मामला दर्ज हुआ है।
पंजाब में पहुंच वाले लोग हैं आरोपी
महिला का पीहर श्रीगंगानगर की एक कॉलोनी में है। उसने पुलिस को देी रिपोर्ट में बताया कि उसका कोई काम पंजाब के अबोहर में अटका हुआ था। वह इसके लिए लगातार चक्कर काट रही थी। इसी दौरान किसी ने आरोपी कुलदीप कुमार और उसके साथी विजय कंबोज, स्माइल और अमन कंबोज के बारे में बताया। इस पर वह इनसे मिलने के लिए पंजाब के अबोहर चली गई। वहां आरोपी से उसका संपर्क बढ़ गया। आरोपी उसे लेकर श्रीगंगानगर आ गया। उसके साथ उसके तीन साथी भी थे। आरोपी उसे शहर के सूरतगढ़ बाईपास स्थित एक होटल में ले गए । वहां कुलदीप ने उसके साथ रेप किया और अन्य आरोपी उसके सहयोगी रहे। मामले की जांच महिला थाना इंचार्ज को दी गई है।
ऐसे आई आरोपी के संपर्क में
पंजाब के अबोहर से मिली जानकारी के अनुसार महिला की शादी यूपी के एक लडक़े से हुई। उससे झगड़े के बाद वह श्रीगंगानगर स्थित अपने पीहर में रहने लगी। इसी दौरान उसका संपर्क पंजाब के अबोहर के रहने वाले एक युवक से हुआ। युवक उसके साथ श्रीगंगानगर में ही रहने लगा। महिला ने जब युवक से विवाह के लिए कहा तो उसने इनकार कर दिया। इस पर महिला ने युवक के खिलाफ अबोहर थाने में रेप का मामला दर्ज करवा दिया। इस पर युवक ने भी महिला के परिवार के लोगों के खिलाफ ब्लैकमेल करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया।
ब्लैकमेलिंग के इस मामले पर रोक के लिए महिला अबोहर के आम आदमी पार्टी नेता कुलदीप कुमार के पास गई थी। मदद का भरोसा दिलाते हुए कुलदीप कुमार ने महिला से श्रीगंगानगर और चंडीगढ़ में रेप किया।
अबोहर हलका इंचार्ज है आप नेता
आम आदमी पार्टी नेता कुलदीप कुमार पार्टी का अबोहर हलका इंचार्ज है। वह आम आदमी पार्टी से सक्रिय रूप से जुड़ा है और हाल ही में हुए पंजाब विधानसभा चुनाव में आप की टिकट पर चुनाव भी लड़ चुका है। अबोहर की स्थानीय राजनीति में उसकी पहुंच है। ऐसे में महिला उसकी राजनीतिक पहुंच के कारण ही उसके संपर्क में आई थी।


