Gold Silver

मानसून में जलभराव की स्थितियां नहीं बनें, इस पर अधिकारी करें काम- कलेक्टर

खुलासा न्यूज, बीकानेर। जिला कलक्टर नम्रता वृष्णि ने बीकानेर विकास प्राधिकरण, सार्वजनिक निर्माण विभाग और नगर निगम द्वारा शहरी क्षेत्र में करवाए जा रहे सड़क निर्माण, सुधार एवं पेंचवर्क कार्यों की मंगलवार को समीक्षा की। जिला कलक्टर ने कहा कि मानसून से पूर्व सभी प्रगतिरत कार्य पूर्ण हो जाएं, यह सुनिश्चित किया जाए। कार्यों को पूर्ण गुणवत्ता से करने के साथ अधिकारियो को इनकी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने कहा कि बरसात के दौरान जल भराव वाले संभावित क्षेत्रों का समय रहते दौरा किया जाए तथा इन क्षेत्रों में पानी निकासी के पुख्ता प्रबंधन किए जाएं, जिससे बरसात के दौरान स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

जिला कलक्टर ने कहा कि सुजानदेसर और वल्लभ गार्डन क्षेत्र की पाल को मजबूत किया जाए तथा यहां पानी निकासी के लिए पर्याप्त पम्प सेट्स की व्यवस्था की जाए। उन्होंने सुजानदेसर के चांदमल बाग, ब्राह्मणों के मोहल्ले और नोखा रोड पर जलभराव से जुड़ी समस्या के समाधान के लिए कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्र में 16 स्थानों पर सेफ्टी टेंक कम रिचार्ज वेल का निर्माण कार्य स्वीकृत किया गया है। इनमें निगम और बीडीए द्वारा आठ आठ रिचार्ज वेल बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्य भी बरसात से पूर्व करवाए जाएं।

नगर निगम आयुक्त मनीष मयंक ने बताया कि निगम द्वारा शहरी क्षेत्र में 43 मुख्य सड़कें स्वीकृत की गई हैं। इनमें से चार कार्य पूर्ण हो गए हैं। वहीं तीस प्रगतिरत हैं। वहीं लगभग तीन करोड़ रुपए की लागत से 20 किलोमीटर सड़कों का पेंचवर्क कार्य करवाया गया है।

बीकानेर विकास प्राधिकरण आयुक्त अपर्णा गुप्ता ने बताया कि बीडीए द्वारा 31 किलोमीटर क्षेत्र में पेंचवर्क करवा दिया गया है तथा 18 किलोमीटर में यह कार्य प्रगतिरत है। इनके अलावा 13 किलोमीटर क्षेत्र में नई सड़कों के कार्य किए जा रहे हैं। इनमें जयनारायण व्यास कॉलोनी की मुख्य सड़क शामिल हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में बीडीए द्वारा लगभग छह करोड़ रुपए के कार्य करवाए जा रहे हैं। इनमें जेएनवी के अलावा अन्त्योदय नगर और अशोक नगर आदि की सड़कें भी शामिल हैं।

सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता ओ. पी. मंडार ने बताया कि बजट घोषणा 2025-26 के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 15 करोड़ रुपए की लागत से मिसिंग लिंक/नॉन पेचेबल सड़कों का कार्य करवाया जाना है। इसके तहत बीकानेर पश्चिम विधानसभा में 15 करोड़ रुपए के 82 एवं बीकानेर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में 15 करोड़ रुपए के 56 कार्यों के प्रस्ताव प्रेषित कर दिए गए हैं।

इसी प्रकार बजट घोषणा वर्ष 2024-25 में 18 करोड़ रुपए के 43 कार्य स्वीकृत थे। इनमें से बीकानेर पूर्व विधानसभा में 8 करोड से 16 कार्य स्वीकृत हुए। इनमें से 12 कार्य पूर्ण हो चुके हैं। एक कार्य प्रगतिरत है। इसी प्रकार बीकानेर पश्चिम विधानसभा में 10 करोड़ रुपए के 27 कार्य स्वीकृत थे। इनमें से 13 कार्य पूर्ण कर दिए गए हैं। सात कार्य प्रगतिरत हैं एवं 7 कार्य शुरु होने शेष हैं।

बैठक में अधीक्षण अभियंता ललित ओझा, अधिशाषी अभियंता पवन बंसल, वंदना शर्मा, रमाकांत त्रिवेदी, मनोज दूबे, सहायक अभियंता रोहिताश्व सिंह, सहित अन्य तकनीकी अधिकारी मौजूद रहे।

Join Whatsapp 26