अनलॉक-3 की गाइडलाइन को मंजूरी मिलने की संभावना, ये खुलना तय !

अनलॉक-3 की गाइडलाइन को मंजूरी मिलने की संभावना, ये खुलना तय !

खुलासा न्यूज़ ,जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट के खेमों के बीच चल रही खींचतान के बीच आज दोपहर बाद तीन बजे गहलोत कैबिनेट की बैठक हो रही है। कैबिनेट की वर्चुअल बैठक में अनलॉक-3 की गाइडलाइन को मंजूरी मिलने की संभावना है। कैबिनेट में कोरोना की तीसरी लहर से निपटने के बारे में भी चर्चा होगी। फोन टेपिंग मुद्दे पर भी अनौपचारिक रूप से कैबिनेट में चर्चा होने के आसार हैं।

कैबिनेट की बैठक में गृह विभाग की अनलॉक-3 की ड्राफ्ट गाइडलाइन को मंजूरी मिल सकती है। 30 जून को केंद्र की गाइडलाइन की अवधि भी हो रही है। राज्य के गृह विभाग ने नई गाइडलाइन तैयार करके मुख्यमंत्री को भेजी है। नई गाइडलाइन को कैबिनेट की मंजूरी के बाद अब मंगलवार को कभी भी जारी किया जा सकता है। नई गाइडलाइन में धार्मिक केंद्रों और सिनेमाघर मल्टीप्लेक्स खोलने, बाजारों का समय बढ़ाने और सरकारी सरकारी दफ्तरों में 100 प्रतिशत कर्मचारियों को रूटीन समय में बुलाने पर फैसला तय माना जा रहा है। प्रदेश में कोरोना एक्टिव केस दो हजार रह गए हैं,हर दिन रिकवरी भी अच्छी है। ऐसे में सरकार ने पाबंदियों में ढील देने का फैसला किया है।

कर्फ्यू का समय कम होगा, केवल नाइट कर्फ्यू रह सकता है

बाजारों का समय बढ़ने के साथ कर्फ्यू का समय भी कम होना तय माना जा रहा है। अब केवल नाइट कर्फ्यू का मॉडल अपनाया जा सकता है। फिलहाल 5 बजे से कर्फ्यू लग जाता है।

सिनेमाघरों, मल्टीप्लेक्स खोलने की मिलेगी अनुमति

गृह विभाग ने सभी सिनेमाघरों और मल्टीपलेक्स से सिटिंग प्लान मांगा था। सिनेमाघरों और मल्टीप्लेक्स को शर्तों के साथ खोलने की इजाजत मिलेगी। पहले फेज में आधे या इससे कम दर्शकों के साथ अनुमति दी जाएगी।

बाजार खोलने का समय बढ़ेगा

कोरोना के मामले लगातार कम होते रहने पर बाजारों के खुलने का समय भी दो घंटे बढाए जाने के आसार हैं। अभी 4 बजे तक ही बाजार खुल रहे हैं, आगे इसे बढ़ाकर 7 बजे तक किया जा सकता है। बाजारों का समय बढ़ाने के साथ रोजाना शाम पांच बजे से सुबह 5 बजे तक लगने वाले कर्फ्यू के समय को भी घटाया जाएगा। अब नाइट कर्फ्यू ही रह सकता है 5 बजे की जगह कर्फ्यू अब शाम 7 या 8 बजे से लागू किया जा सकता है।

1 जुलाई से शादी समारोह पर लगा प्रतिबंध हटेगा

1 जुलाई से प्रदेश भर में शादी समारोह पर लगा प्रतिबंध हटाने की तैयारी है। कोरोना बढ़ने के बाद सरकार ने 30 जून तक शादी समारोह पर पाबंदी लगा दी थी। अब ये पाबंदी हटाई जाएगी। शादी समारोह पर पहले फेज में मेहमानों की संख्या की लिमिट 50 या इससे कम ही रह सकती है। बैंड बाजा, बारात निकालने, मैरिज गार्डन, मैरिज इवेंट पर लगी रोक हट जाएगी।

इन सेवाओं का समय बढ़ने की संभावना

नई गाइडलाइन में पार्क और गार्डन खोलने का समय बढ़ने की संभावना है, सुबह शाम दोनों वक्त पार्क, गार्डन खोले जा सकते हैं। सिटी बसों के चलने का समय भी देर शाम तक बढ़ाया जा सकता है, अभी केवल पांच बजे तक का ही समय है।

पूरे कर्मचारियों के साथ खुलेंगे सरकारी दफ्तर

सरकारी दफ्तरों में सभी कर्मचारियों को बुलाने की मंजूरी मिलने के आसार हैं। अभी आधे कर्मचारियों के साथ 4 बजे तक ही खुलते हैं। अब पूरे कर्मचारियों के साथ सभी सरकारी दफ्तरों में शाम 6 बजे तक काम करने की छूट मिलना तय है।

Join Whatsapp
खबरें और विज्ञापन के लिए इस नंबर पर व्हाट्सएप करें- 76659 80000 |खबरें और विज्ञापन के लिए इस नंबर पर व्हाट्सएप करें- 76659 80000 |