Gold Silver

बीकानेर: जेल में बंद कैदियों के लिए अनोखी पहल, यह होगा फायदा

बीकानेर: जेल में बंद कैदियों के लिए अनोखी पहल, यह होगा फायदा

बीकानेर केन्द्रीय कारागार में बंदियों को हरसंभव सहायता के लिए हेल्प डेस्क शुरू की जा रही है। यह डेस्क 24 घंटे चालू रहेगी। यह हेल्प डेस्क बंदियों के लिए वरदान होगी, जो सालों से अपने परिजनों से नहीं मिल सके हैं। बंदियों को कानूनी मदद दिलाने के अलावा यह डेस्क स्वास्थ्य व खाने तक की समस्या का समाधान करेगी। समस्या समाधान भी 24 घंटे के भीतर ही किया जाएगा। जेल प्रशासन की ओर से हर बैरक में एक रजिस्टर रखवाया गया है। इस रजिस्टर में बंदी खाने, पीने, चिकित्सा, शिक्षा, जेल व्यवस्था, परिवारजन से संपर्क, फ्री लीगल एड, केस संबंधी समस्याओं के बारे में जानकारी दर्ज कराएगा। हर दो घंटे बाद रजिस्टर को चेक किया जाएगा। हेल्प डेस्क मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी कारापाल सूरज सोनी एवं मुख्य प्रहरी गिर्राज को सौंपी गई है। मुख्य प्रहरी संबंधित शाखा प्रभारी, कारापाल, चिकित्सक आदि जिनसे संबंधित काम होगा, उनसे समाधान कराएगा। डेस्क को 24 घंटे के भीतर समस्या का समाधान कराना होगा। जेल प्रशासन के मुताबिक, बीकानेर केन्द्रीय कारागार में वर्तमान में विचाराधीन और सजायाफ्ता 1237 बंदी हैं। 250 से अधिक महिला बंदी हैं। हेल्प डेस्क में सभी बंदियों के लिए सुविधा होगी। जेल सूत्रों की मानें, तो जेल में अधिकांश बंदी ऐसे हैं, जिन्हें सरकारी मदद की जरूरत है। बंदी अपने परिवारजन से भी बात नहीं कर पाता है, जिससे वह तनाव में रहता है। बंदियों को फ्रेंडली माहौल देने के लिए हेल्प डेस्क सेतु का काम करेगी।

 

Join Whatsapp 26