
बीकानेर संभाग: रोहित गोदारा-गोल्डी बराड़ गैंग के 2 शूटर गिरफ्तार





बीकानेर संभाग: रोहित गोदारा-गोल्डी बराड़ गैंग के 2 शूटर गिरफ्तार
खुलासा न्यूज़, दिल्ली। शुक्रवार सुबह दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कापसहेड़ा इलाके में एनकाउंटर के बाद दो कुख्यात बदमाशों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्रीगंगानगर निवासी आकाश राजपूत और भरतपुर निवासी महिपाल के रूप में हुई है। दोनों बदमाश रोहित गोदारा-गोल्डी बराड़ गैंग से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं।
गुप्त सूचना पर दबिश के दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें आकाश के पैर में गोली लगी। घायल को मेडिकल के लिए भेजा गया है। आकाश पर कई संगीन मामले दर्ज हैं—वह जुलाई 2022 में करनाल अस्पताल फायरिंग और जुलाई 2025 में गुजरात के 100 करोड़ फिरौती किडनैप केस में वांटेड था। श्रीगंगानगर पुलिस ने उस पर 20 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। वह फर्जी पासपोर्ट बनवाकर विदेश भागने की फिराक में था।
वहीं, महिपाल करनाल गोलीकांड में शामिल रहा है और जमानत पर बाहर था। दोनों पर रोहित गोदारा, गोल्डी बराड़ और वीरेंद्र चारण से सीधे जुड़ाव का आरोप है। स्पेशल सेल के एडीसीपी प्रमोद सिंह कुशवाह ने कहा—यह गिरफ्तारी दिल्ली-एनसीआर में गैंगवार रोकने की बड़ी सफलता है। दोनों से पूछताछ जारी है और कोर्ट में पेश किया जाएगा।

