राम मंदिर उत्सव में सजेंगे प्रदेश के हजारों मंदिर, सजावट के लिए देवस्थान विभाग ने दिए 10-10 हज़ार, सर्वश्रेष्ठ 100 मंदिर होंगे सम्मानित

राम मंदिर उत्सव में सजेंगे प्रदेश के हजारों मंदिर, सजावट के लिए देवस्थान विभाग ने दिए 10-10 हज़ार, सर्वश्रेष्ठ 100 मंदिर होंगे सम्मानित

खुलासा न्यूज, बीकानेर। अयोध्या में 22 जनवरी को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के दिन प्रदेश के हजारों मंदिरों में सजावट होगी। अभिषेक के साथ भगवान की पूजा-अर्चन होगी। भजन-कीर्तन होंगे और प्रसाद वितरण भी होगा। सभी मंदिरों में दीपक जलाए जाएंगे। इसे लेकर देवस्थान विभाग ने आदेश जारी कर दिए हैं। देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि रामलला की प्राण प्रतिष्ठा पूरे देश में एक उत्सव की तरह हैं। पूरे देश में एक उत्साह का संचार है। जो पहले कभी नहीं देखा गया। प्रदेश में भी देवस्थान विभाग इसे एक उत्सव की तरह ही मनाएगा। दरअसल, राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर बीजेपी ने पूरे देश में स्वच्छ तीर्थ अभियान को लॉन्च किया है। इसके तहत 22 जनवरी तक मंदिरों में विशेष अभियान चलाकर साफ-सफाई की जाएगी। प्रदेश में भी सत्ता व संगठन इस अभियान को चला रहे हैं। वहीं, 22 जनवरी को सभी मंदिरों में विशेष सजावट करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि देवस्थान विभाग के अधीन कुल 593 मंदिर हैं। इन मंदिरों में सजावट के लिए विभाग ने प्रति मंदिर 10-10 हजार रुपए भी जारी किए हैं।

 

सर्वश्रेष्ठ सज़ावट करने वाले 100 मंदिर होंगे सम्मानित

 

देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि जो मंदिर विभाग के अधीन नहीं हैं। उनसे भी सजावट करने की हमने अपील की हैं। ये मंदिर ट्रस्ट व विभिन्न समितियों द्वारा संचालित है। हमने अपील की है कि इन मंदिरों में भी जन सहभागिता से सजावट की जाए। उन्होंने कहा कि 22 जनवरी को प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ सजावट करने वाले 100 मंदिरों के पुजारियों व उनके प्रबंधकों को देवस्थान विभाग की ओर से सम्मानित भी किया जाएगा। इसके लिए 21 जनवरी को विभाग एक वेबसाइट लॉन्च करेगा। जिस पर मंदिरों की सजावट के फोटो और वीडियो अपलोड किए जा सकेंगे। विभाग की टीम इन फोटो व वीडियो में से सर्वश्रेष्ठ सजावट वाले मंदिरों का चयन करेगी।

 

22 जनवरी से पहले सभी मंदिरों में होगी साफ सफाई

 

प्रदेश के सभी मंदिरों में 22 जनवरी से पहले साफ-सफाई की जाएगी। इसकी शुरुआत रविवार को जयपुर से की गई। यहां बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने रामचंद्र मंदिर मे झाड़ू लगाकर की थी। इस मौके पर देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत व हवामहल विधायक बालमुकुंद आचार्य भी मौजूद रहे थे। बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा था कि अभियान के जरिए पूरे पखवाड़े सत्ता और संगठन के योगदान से मंदिरों में स्वच्छता के साथ उनके सौंदर्यीकरण और उनका रिनोवेशन का भी काम हो सकेगा।

Join Whatsapp 26